जनवरी में बॉक्स ऑफ़िस पर भी ठंडी का अहसास!

मुंबई : 2014 का पहला महीना बीत चुका है, लेकिन बॉलीवुड को इसने निराश किया है। जनवरी में कई छोटी-बड़ी फ़िल्में रिलीज़ हुईं, लेकिन मनचाही क़ामयाबी किसी को नहीं मिली। यहां तक कि बॉलीवुड के सबसे ज़्यादा बिकने वाले ख़ान सलमान भी उम्मीदों के मुताबिक़ बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शंस नहीं दे पाए।

3 जनवरी को रिलीज़ हुईं दो फ़िल्में- शोले 3 डी और मि. जो बी करलोह। शोले 3 डी पुरानी शोले का 3 डी वर्ज़न थी, जिसके कुछ सींस को 3 डी में ढालकर फिर से रिलीज़ किया गया। फ़िल्म ने 11 करोड़ का बिजनेस किया। ट्रेड विश्लेषकों ने फ़िल्म को लूज़िंग बताया है। वहीं, मि. जो बी करवालोह का हाल बेहद खस्ता रहा। फ़िल्म ने महज़ 4 करोड़ का बिजनेस किया है। अरशद वारसी स्टारर ये फ़िल्म फ्लॉप करार दी गई है।

10 जनवरी को रिलीज़ हुईं दो फ़िल्में- डेढ़ इश्क़िया और यारियां। डेढ़ इश्क़िया भी दर्शकों को रिझाने में क़ामयाब ना हो सकी। फ़िल्म कुल 27 करोड़ कमाकर थोड़े-बहुत फ़ायदे में रही है, लेकिन हिट के टैग से काफी दूर है। डेढ़ इश्क़िया का ये हाल तब रहा, जबकि फ़िल्म को इश्क़िया के सिक्वेल होने और माधुरी दीक्षित की कास्टिंग की वजह से ख़ूब सुर्खियों में रही। इसके उलट यारियां ने 40 करोड़ कमा लिए, जबकि ये फ़िल्म दिव्या खोसला कुमार का डायरेक्टोरियल डेब्यू था, वहीं इसकी स्टार कास्ट भी एकदम नई है। यारियां हिट रही।

17 जनवरी को भी रिलीज़ हुईं दो फ़िल्में- कर ले प्यार कर ले और मिस लवली। कर ले प्यार कर ले से डेब्यू किया डायरेक्टर और संगीतकार सुनील दर्शन के बेटे शिव दर्शन ने, लेकिन शिव का ये डेब्यू पूरी तरह से डिज़ास्टर रहा। फ़िल्म ने सिर्फ़ 1 करोड़ का बिजनेस किया। दूसरी फ़िल्म मिस लवली क्रिटकली एक्लेम्ड फ़िल्म है। अस्सी के दशक की पॉर्न फ़िल्म इंडस्ट्री पर बेस्ड इस फ़िल्म में नवाज़उद्दीन सिद्दक़ी और निहारिका सिंह ने लीड रोल्स निभाए। ख़बरों में तो मिस लवली भी ख़ूब रही, लेकिन दर्शकों ने इस पर भी पैसा ख़र्च नहीं किया, और फ़िल्म 70 लाख ही जमा कर सकी।

24 जनवरी को रिलीज़ हुई जय हो। सलमान ख़ान की इस फ़िल्म की रिलीज़ से पहले तरह-तरह के क़यास लगाए जा रहे थे। उम्मीद थी, कि जय हो चेन्नई एक्सप्रेस और धूम 3 के सारे रिकॉर्ड्स तोड़ देगी। पर रिलीज़ होते ही सारी हवा निकल गई। सोहेल ख़ान डायरेक्टिड फ़िल्म ने रिलीज़ के एक हफ़्त में महज़ 87 करोड़ के बिजनेस किया है, जो सलमान ख़ान जैसे सुपरस्टार के रहते कुछ भी नहीं है।

महीने के आख़िरी दिन 31 जनवरी को रिलीज़ हुई अभय देओल की पहली होम प्रोडक्शन फ़िल्म वन बाई टू। पर इसे भी दर्शकों ने खारिज कर दिया। फ़िल्म को बेहद ठंडा रिस्पांस मिला है। क्रिटिक्स भी वन बाई टू के सपोर्ट में नहीं दिखे।