Bharat Box Office: दूसरे हफ़्ते में भारत की बेहद ख़राब शुरुआत, मिले सिर्फ़ इतने करोड़

एम वशिष्ठ, मुंबई। 14 जून दूसरे शुक्रवार को सलमान ख़ान की भारत दूसरे हफ़्ते में दाख़िल हो गयी और फ़िल्म ने 10 दिन पूरे कर लिये। दूसरे हफ़्ते की शुरुआत महज़ 3.75 करोड़ कलेक्शन के साथ हुई। इस शुक्रवार कोई बड़ी हिंदी फ़िल्म रिलीज़ नहीं हुई है। इसके बावजूद स्क्रींस काफ़ी कम हो गयी हैं और शो की संख्या कम कर दी गयी है, जिससे पता चलता है कि फ़िल्म के लिए रुझान लगातार घट रहा है। अब 10 दिनों में फ़िल्म ने 182.85 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। अब कल (रविवार) भारत के सामने भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले वर्ल्ड कप मैच की विकट चुनौती है। पाकिस्तान के साथ होने वाले मैच के लिए भारतीय दर्शकों के बीच ग़ज़ब का उत्साह रहता है। ऐसे में सलमान की भारत के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।

अगर पहले हफ़्ते में भारत की रफ़्तार देखें तो ओपनिंग वीकेंड के बाद आंकड़ों में काफ़ी गिरावट आयी है। सोमवार को ₹9.20 करोड़ मिले थे, जबकि मंगलवार को फ़िल्म ने ₹8.30 करोड़ का कलेक्शन किया था। बुधवार को फ़िल्म ने ₹6.25 करोड़ जमा किये थे। गुरुवार को ₹5.25 करोड़ का कलेक्शन किया। साल 2019 के Top 5 Opening week collection इस प्रकार हैं-

  • भारत- ₹182.85 करोड़
  • केसरी- ₹105.86 करोड़
  • गली बॉय- ₹100.3 करोड़
  • टोटल धमाल- ₹94.55 करोड़
  • कलंक- ₹73.7 करोड़

भारत 5 जून को ईद के मौक़े पर देश में 4700 और विदेशो में 1300 स्क्रींस पर रिलीज़ की गयी थी। धमाकेदार शुरुआत करते हुए भारत ने पहले दिन बुधवार को ₹42.30 करोड़ का कलेक्शन किया था। दूसरे दिन गुरुवार को भारत ने ₹31 करोड़ बटोरे, वहीं तीसरे दिन यानि शुक्रवार को भारत ₹22.20 करोड़ ही जमा कर सकी। शनिवार को कलेक्शंस में उछाल आया और ₹26.70 करोड़ बटोर लिये। वहीं रविवार को फ़िल्म ने ₹27.90 करोड़ का कलेक्शन किया, जिसके साथ 5 दिन लम्बे ओपनिंग वीकेंड में भारत का नेट कलेक्शन ₹150.10 करोड़ हो गया था।।

भारत इस साल के Top 5 Box Office Collections की लिस्ट में दूसरे स्थान पर आ चुकी है। सोमवार को इसने अक्षय कुमार की केसरी और अजय देवगन की टोटल धमाल को पीछे छोड़ दिया था, जिन्होंने क्रमश: ₹153 करोड़ और ₹154.30 करोड़ का कलेक्शन किया।

  1. उरी: द सर्जीकल स्ट्राइक- ₹244.06 करोड़- विक्की कौशल
  2. भारत- 182.85 करोड़- सलमान ख़ान
  3. टोटल धमाल- ₹154.30 करोड़- अजय देवगन
  4. केसरी- ₹153 करोड़- अक्षय कुमार
  5. गली बॉय- ₹139.38 करोड़- रणवीर सिंह

अली अब्बास ज़फ़र निर्देशित भारत साउथ कोरियन फ़िल्म ओडे टू माय फादर का आधिकारिक रीमेक है। फ़िल्म में सलमान ख़ान के किरदार भारत की ज़र्नी दिखायी गयी है। साथ ही देश में होने वाली प्रमुख राजनीतिक घटनाएं भारत की अपनी यात्रा के समानांतर चलती हैं। कटरीना कैफ़, जैकी श्रॉफ, दिशा पाटनी, सुनील ग्रोवर, तब्बू, सतीश कौशिक ने अहम किरदार निभाये हैं।