Bharat Box Office: 200 करोड़ से बस इतनी दूर सलमान ख़ान की ‘भारत’, टूटेगा ‘टाइगर’ का रिकॉर्ड

एम वशिष्ठ, मुंबई। दूसरे वीकेंड में सलमान ख़ान की फ़िल्म भारत के कलेक्शंस में कुछ तेज़ी आयी, मगर फिर भी फ़िल्म 200 करोड़ से थोड़ा पीछे रह गयी है। दूसरे वीकेंड में फ़िल्म ने 15 करोड़ से अधिक कलेक्शन किया। रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच पहला वर्ल्ड कप मैच भी था, जिसका इंतज़ार देशभर के फैंस काफ़ी अर्से से कर रहे थे। इस मैच की वजह से भी भारत के कलेक्शंस प्रभावित हुए होंगे।

14 जून को भारत दूसरे हफ़्ते में दाख़िल हो गयी थी। दूसरे शुक्रवार को फ़िल्म ने 3.75 करोड़ कलेक्शन किया था। वीकेंड के बाक़ी दो दिनों में फ़िल्म के कलेक्शंस में इजाफ़ा हुआ। दूसरे शनिवार को फ़िल्म को 5.80 करोड़ और रविवार को 5.90 करोड़ मिले, जिसके साथ दूसरे वीकेंड की कुल कमाई 15.45 करोड़ पर पहुंच गयी। दूसरे वीकेंड की इस रकम को मिलाकर भारत का 12 दिनों का कलेक्शन अब 194.55 करोड़ हो गया है, यानि 200 करोड़ के लिए अब 5.45 करोड़ की ही दरकार है, जो इस हफ़्ते में मिल जाना चाहिए। इसके साथ ही सलमान अपनी फ़िल्म एक था टाइगर के लाइफ़ टाइम कलेक्शन (198 करोड़) को पीछे छोड़ देंगे।

अब अगर 200 करोड़ क्लब की बात करें तो कम से कम डबल सेंचुरी लगाने वाली सलमान की यह छठी फ़िल्म होगी। कम से कम 200 करोड़ जमा करने वाली सलमान की फ़िल्में इस प्रकार हैं-

  • प्रेम रतन धन पायो- 2015- 207.40 करोड़
  • किक- 2014- 233 करोड़
  • सुल्तान- 2016- 300.45 करोड़
  • बजरंगी भाईजान- 2015- 320.34 करोड़
  • टाइगर ज़िंदा है- 2017- 339.16 करोड़

गुज़रे शुक्रवार (14 जून) को कोई बड़ी हिंदी फ़िल्म रिलीज़ नहीं हुई है। ऐसे में भारत के पास गुरुवार तक 4 दिनों का समय है। 21 जून को शाहिद कपूर और कियारा आडवाणी की कबीर सिंह रिलीज़ हो रही है। तेलुगु फ़िल्म अर्जुन रेड्डी की इस रीमेक को लेकर ठीकठाक हाइप है। कबीर सिंह, भारत की आगे की यात्रा मुश्किल कर सकती है। वैसे भी भारत को लेकर दर्शकों के बीच अब ज़्यादा उत्साह नहीं बचा है। दूसरे हफ़्ते में फ़िल्म की स्क्रींस भी कम कर दी गयी हैं। वैसे भारत इस साल के Top 5 Box Office Collections की लिस्ट में दूसरे स्थान पर आ चुकी है।

  1. उरी: द सर्जीकल स्ट्राइक- ₹244.06 करोड़- विक्की कौशल
  2. भारत- 194.55 करोड़- सलमान ख़ान
  3. टोटल धमाल- ₹154.30 करोड़- अजय देवगन
  4. केसरी- ₹153 करोड़- अक्षय कुमार
  5. गली बॉय- ₹139.38 करोड़- रणवीर सिंह

अली अब्बास ज़फ़र निर्देशित भारत साउथ कोरियन फ़िल्म ओडे टू माय फादर का आधिकारिक रीमेक है। फ़िल्म में सलमान ख़ान के किरदार भारत की ज़र्नी दिखायी गयी है। साथ ही देश में होने वाली प्रमुख राजनीतिक घटनाएं भारत की अपनी यात्रा के समानांतर चलती हैं। कटरीना कैफ़, जैकी श्रॉफ, दिशा पाटनी, सुनील ग्रोवर, तब्बू, सतीश कौशिक ने अहम किरदार निभाये हैं।

पहले हफ़्ते में भारत की बॉक्स ऑफ़िस यात्रा

भारत 5 जून को ईद के मौक़े पर देश में 4700 और विदेशो में 1300 स्क्रींस पर रिलीज़ की गयी थी। धमाकेदार शुरुआत करते हुए भारत ने पहले दिन बुधवार को ₹42.30 करोड़ का कलेक्शन किया था। दूसरे दिन गुरुवार को भारत ने ₹31 करोड़ बटोरे, वहीं तीसरे दिन यानि शुक्रवार को भारत ₹22.20 करोड़ ही जमा कर सकी। शनिवार को कलेक्शंस में उछाल आया और ₹26.70 करोड़ बटोर लिये। वहीं रविवार को फ़िल्म ने ₹27.90 करोड़ का कलेक्शन किया, जिसके साथ 5 दिन लम्बे ओपनिंग वीकेंड में भारत का नेट कलेक्शन ₹150.10 करोड़ हो गया था।।

ओपनिंग वीकेंड के बाद आंकड़ों में काफ़ी गिरावट आयी। पहले सोमवार को ₹9.20 करोड़ मिले थे, जबकि मंगलवार को फ़िल्म ने ₹8.30 करोड़ का कलेक्शन किया था। बुधवार को फ़िल्म ने ₹6.25 करोड़ जमा किये थे। गुरुवार को ₹5.25 करोड़ का कलेक्शन किया और इसके साथ 9 दिनों के Extended Opening Week में भारत ने 179.10 करोड़ जमा कर लिये। साल 2019 के Top 5 Opening week collection इस प्रकार हैं-

  • भारत- ₹179.10 करोड़
  • केसरी- ₹105.86 करोड़
  • गली बॉय- ₹100.3 करोड़
  • टोटल धमाल- ₹94.55 करोड़
  • कलंक- ₹73.7 करोड़