Bharat Box Office: दूसरे हफ़्ते में सलमान ख़ान की डबल सेंचुरी, 200 करोड़ पार पहुंची ‘भारत’

एम वशिष्ठ, मुंबई। सलमान ख़ान की भारत को रिलीज़ के दो हफ़्ते पूरे हो गये और फ़िल्म ने 200 करोड़ का अहम पड़ाव पार कर लिया है। सलमान ने अपनी ही फ़िल्म एक था टाइगर के लाइफ़ टाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। अब भारत के निशाने पर सलमान की प्रेम रतन धन पायो है।

भारत दूसरे हफ़्ते में चल रही है और दूसरे हफ़्ते के पांचवें दिन फ़िल्म ने कमाल कर दिया। 18 जून (मंगलवार) को भारत ने 2.32 करोड़ का कलेक्शन किया और इसके साथ फ़िल्म का 14 दिनों का कलेक्शन 201.86 करोड़ हो गया। भारत, एक था टाइगर से आगे निकल गई है, जिसने 198 करोड़ का कलेक्शन किया था। 200 करोड़ क्लब में जाने वाली सलमान की यह छठी फ़िल्म है।

  • भारत- 2019- 201.86 करोड़
  • प्रेम रतन धन पायो- 2015- 207.40 करोड़
  • किक- 2014- 233 करोड़
  • सुल्तान- 2016- 300.45 करोड़
  • बजरंगी भाईजान- 2015- 320.34 करोड़
  • टाइगर ज़िंदा है- 2017- 339.16 करोड़

14 जून को भारत दूसरे हफ़्ते में दाख़िल हो गयी थी। दूसरे शुक्रवार को फ़िल्म ने 3.75 करोड़ कलेक्शन किया था। वीकेंड के बाक़ी दो दिनों में फ़िल्म के कलेक्शंस में इजाफ़ा हुआ। दूसरे शनिवार को फ़िल्म को 5.80 करोड़ और रविवार को 5.90 करोड़ मिले, जिसके साथ दूसरे वीकेंड की कुल कमाई 15.45 करोड़ पर पहुंच गयी। दूसरे सोमवार को फ़िल्म ने 2.63 करोड़ का कलेक्शन किया था।

दूसरे हफ़्ते में भारत की रफ़्तार काफ़ी कम हो गयी है। पहले हफ़्ते में फ़िल्म मे जहां क़रीब 180 करोड़ जमा किये थे, वहीं दूसरे हफ़्ते में मंगलवार तक सिर्फ़ 21.81 करोड़ का कलेक्शन ही कर सकी है। 21 जून को शाहिद कपूर और कियारा आडवाणी की कबीर सिंह रिलीज़ हो रही है, जिससे भारत को कड़ी टक्कर मिल सकती है। तेलुगु फ़िल्म अर्जुन रेड्डी की इस रीमेक को लेकर ठीकठाक हाइप है। वैसे भारत इस साल के Top 5 Box Office Collections की लिस्ट में दूसरे स्थान पर तो आ ही चुकी है।

  1. उरी: द सर्जीकल स्ट्राइक- ₹244.06 करोड़- विक्की कौशल
  2. भारत- 201.86 करोड़- सलमान ख़ान
  3. टोटल धमाल- ₹154.30 करोड़- अजय देवगन
  4. केसरी- ₹153 करोड़- अक्षय कुमार
  5. गली बॉय- ₹139.38 करोड़- रणवीर सिंह

अली अब्बास ज़फ़र निर्देशित भारत साउथ कोरियन फ़िल्म ओडे टू माय फादर का आधिकारिक रीमेक है। फ़िल्म में सलमान ख़ान के किरदार भारत की ज़र्नी दिखायी गयी है। साथ ही देश में होने वाली प्रमुख राजनीतिक घटनाएं भारत की अपनी यात्रा के समानांतर चलती हैं। कटरीना कैफ़, जैकी श्रॉफ, दिशा पाटनी, सुनील ग्रोवर, तब्बू, सतीश कौशिक ने अहम किरदार निभाये हैं।

पहले हफ़्ते में भारत की बॉक्स ऑफ़िस यात्रा

भारत 5 जून को ईद के मौक़े पर देश में 4700 और विदेशो में 1300 स्क्रींस पर रिलीज़ की गयी थी। धमाकेदार शुरुआत करते हुए भारत ने पहले दिन बुधवार को ₹42.30 करोड़ का कलेक्शन किया था। दूसरे दिन गुरुवार को भारत ने ₹31 करोड़ बटोरे, वहीं तीसरे दिन यानि शुक्रवार को भारत ₹22.20 करोड़ ही जमा कर सकी। शनिवार को कलेक्शंस में उछाल आया और ₹26.70 करोड़ बटोर लिये। वहीं रविवार को फ़िल्म ने ₹27.90 करोड़ का कलेक्शन किया, जिसके साथ 5 दिन लम्बे ओपनिंग वीकेंड में भारत का नेट कलेक्शन ₹150.10 करोड़ हो गया था।।

ओपनिंग वीकेंड के बाद आंकड़ों में काफ़ी गिरावट आयी। पहले सोमवार को ₹9.20 करोड़ मिले थे, जबकि मंगलवार को फ़िल्म ने ₹8.30 करोड़ का कलेक्शन किया था। बुधवार को फ़िल्म ने ₹6.25 करोड़ जमा किये थे। गुरुवार को ₹5.25 करोड़ का कलेक्शन किया और इसके साथ 9 दिनों के Extended Opening Week में भारत ने 179.10 करोड़ जमा कर लिये। साल 2019 के Top 5 Opening week collection इस प्रकार हैं-

  • भारत- ₹179.10 करोड़
  • केसरी- ₹105.86 करोड़
  • गली बॉय- ₹100.3 करोड़
  • टोटल धमाल- ₹94.55 करोड़
  • कलंक- ₹73.7 करोड़