Bharat Box Office: 100 करोड़ क्लब में आज होगी एंट्री, 3 दिनों में कमा चुकी इतने करोड़…

मनोज शर्मा, मुंबई। सलमान ख़ान की फ़िल्म भारत का बॉक्स ऑफ़िस पर शानदार सफ़र जारी है। हालांकि फ़िल्म 3 दिनों में 100 करोड़ का पड़ाव छूने से चूक गयी है। अब ओपनिंग वीकेंड में फ़िल्म से बेहतरीन कलेक्शन की उम्मीद की जा रही है।

भारत 5 जून को ईद के मौक़े पर देश में 4700 और विदेशो में 1300 स्क्रींस पर रिलीज़ की गयी थी। भारत ने धमाकेदार शुरुआत करते हुए बुधवार को 42.30 करोड़ का कलेक्शन किया। दूसरे दिन गुरुवार को भारत ने 31 करोड़ बटोरे, वहीं तीसरे दिन यानि शुक्रवार को भारत 22.20 करोड़ ही जमा कर सकी। इस तरह रिलीज़ के 3 दिनों में फ़िल्म ने 95.50 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है, यानि 100 करोड़ से महज़ 4.50 करोड़ दूर रह गयी है।

भारत, सलमान की कम से कम 100 करोड़ कमाने वाली 14वीं फ़िल्म है और इस मुक़ाम तक पहुंचने में इसे 4 दिन का वक़्त लगा है। सलमान की 5 फ़िल्में ऐसी हैं, जिन्होंने 3 दिनों में 100 करोड़ का कलेक्शन किया है- टाइगर ज़िंदा है, बजरंगी भाईजान, सुल्तान, प्रेम रतन धन पायो और रेस 3।

अब सारी नज़रें शनिवार और रविवार के कलेक्शंस पर टिकी हैं, क्योंकि यही दो दिन तय करेंगे की 5 दिन लम्बे ओपनिंग वीकेंड में भारत कितनी कमाई का रिकॉर्ड बनाती है। हालांकि इतना तो तय है कि ओपनिंग वीकेंड में भारत सलमान की ट्यूबलाइट के लाइफ़ टाइम कलेक्शन, 121.25 करोड़ को तो पीछे छोड़ ही देगी।

अब अगर भारत के शुरुआती 3 दिनों के कलेक्शंस का तुलनात्मक अध्ययन किया जाए तो बुधवार के मुक़ाबले गुरुवार को कलेक्शंस में लगभग 27 फीसदी गिरावट आयी, वहीं गुरुवार के मुक़ाबले शुक्रवार के कलेक्शंस में भी लगभग 27 फीसदी ही गिरावट आयी है। गुरुवार और शुक्रवार दोनों ही वर्किंग डेज़ थे। अब शनिवार और रविवार छुट्टी है तो इन दोनों कलेक्शंस में उल्लेखनीय बढ़ोत्तरी हो सकती है। ट्रेड एक्सपर्ट मानते हैं कि शनिवार और रविवार को भारत की कमाई 45-50 करोड़ रह सकती है। ओपनिंग वीकेंड में 150 करोड़ का पड़ाव थोड़ा दूर लगता है।

अली अब्बास ज़फ़र निर्देशित भारत साउथ कोरियन फ़िल्म ओडे टू माय फादर का आधिकारिक रीमेक है। फ़िल्म में सलमान ख़ान के किरदार भारत की ज़र्नी दिखायी गयी है। साथ ही देश में होने वाली प्रमुख राजनीतिक घटनाएं भारत की अपनी यात्रा के समानांतर चलती हैं। कटरीना कैफ़, जैकी श्रॉफ, दिशा पाटनी, सुनील ग्रोवर, तब्बू, सतीश कौशिक ने अहम किरदार निभाये हैं।