Bharat Box Office: ओपनिंग वीकेंड में 150 करोड़ के बाद ‘भारत’ के निशाने पर Kesari और Total Dhamaal

मनोज शर्मा, मुंबई। सलमान ख़ान की फ़िल्म भारत ने बॉक्स ऑफ़िस ज़बर्दस्त प्रदर्शन करते हुए ओपनिंग वीकेंड में 150 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया है। ख़ास बात यह है कि रविवार को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुए वर्ल्ड कप मैच के बावजूद भारत की कमाई में उछाल आया।

भारत 5 जून को ईद के मौक़े पर देश में 4700 और विदेशो में 1300 स्क्रींस पर रिलीज़ की गयी थी। भारत ने धमाकेदार शुरुआत करते हुए बुधवार को 42.30 करोड़ का कलेक्शन किया। दूसरे दिन गुरुवार को भारत ने 31 करोड़ बटोरे, वहीं तीसरे दिन यानि शुक्रवार को भारत 22.20 करोड़ ही जमा कर सकी। शनिवार को कलेक्शंस में उछाल आया और 26.70 करोड़ बटोर लिये। वहीं रविवार को फ़िल्म ने 27.90 करोड़ का कलेक्शन किया, जिसके साथ 5 दिन लम्बे ओपनिंग वीकेंड में भारत का नेट कलेक्शन 150.10 करोड़ हो गया है।

भारत इस साल के टॉप 5 बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शंस की लिस्ट में चौथे स्थान पर आ गयी है। आज इसके निशाने पर अब अक्षय कुमार की केसरी और अजय देवगन की टोटल धमाल हैं, जिन्होंने क्रमश: 153 करोड़ और 154.30 करोड़ का कलेक्शन किया है। भारत इन दोनों फ़िल्मों को आज (सोमवार) को पीछे छोड़कर 2019 की दूसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली फ़िल्म बन जाएगी।

  • उरी- द सर्जीकल स्ट्राइक- 244.06 करोड़
  • टोटल धमाल- 154.30 करोड़
  • केसरी- 153 करोड़
  • भारत- 150.10 करोड़
  • गली बॉय- 139.38 करोड़

अली अब्बास ज़फ़र निर्देशित भारत साउथ कोरियन फ़िल्म ओडे टू माय फादर का आधिकारिक रीमेक है। फ़िल्म में सलमान ख़ान के किरदार भारत की ज़र्नी दिखायी गयी है। साथ ही देश में होने वाली प्रमुख राजनीतिक घटनाएं भारत की अपनी यात्रा के समानांतर चलती हैं। कटरीना कैफ़, जैकी श्रॉफ, दिशा पाटनी, सुनील ग्रोवर, तब्बू, सतीश कौशिक ने अहम किरदार निभाये हैं।