Bharat Box Office: पहले सोमवार को ‘भारत’ की कमाई में भारी गिरावट, मिले इतने करोड़

मनोज शर्मा, मुंबई। पांच दिन लम्बे ओपनिंग वीकेंड में 150 करोड़ का पड़ाव पार करने के बाद पहले सोमवार को फ़िल्म को झटका लगा है। भारत के कलेक्शंस में लगभग 67 फीसदी गिरावट आयी है। हालांकि भारत 2019 की सबसे अधिक कमाई करने वाली दूसरी फ़िल्म बन चुकी है।

भारत 5 जून को ईद के मौक़े पर देश में 4700 और विदेशो में 1300 स्क्रींस पर रिलीज़ की गयी थी। भारत ने धमाकेदार शुरुआत करते हुए बुधवार को 42.30 करोड़ का कलेक्शन किया। दूसरे दिन गुरुवार को भारत ने 31 करोड़ बटोरे, वहीं तीसरे दिन यानि शुक्रवार को भारत 22.20 करोड़ ही जमा कर सकी। शनिवार को कलेक्शंस में उछाल आया और 26.70 करोड़ बटोर लिये। वहीं रविवार को फ़िल्म ने 27.90 करोड़ का कलेक्शन किया, जिसके साथ 5 दिन लम्बे ओपनिंग वीकेंड में भारत का नेट कलेक्शन 150.10 करोड़ हो गया है।

सोमवार को वर्किंग वीक शुरू हुआ। पहले सोमवार को कलेक्शंस गिरते हैं, लेकिन भारत के कलेक्शंस में आयी गिरावट चिंताजनक है। फ़िल्म सिर्फ़ 9.20 करोड़ ही जमा कर सकी है, जो रविवार के मुक़ाबले 67 फीसदी कम है। भारत का 6 दिनों का कलेक्शन अब 159.30 करोड़ हो चुका है। जानकार मान रहे हैं कि पहले एक्सटेंडेड वीक में भारत का नेट कलेक्शन 175 करोड़ तक पहुंच सकता है। हालांकि दूसरे वीकेंड में इसके सामने भारत-पाक वर्ल्ड कप मैच की विकट चुनौती भी है।

भारत इस साल के टॉप 5 बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शंस की लिस्ट में दूसरे स्थान पर आ गयी है। फ़िल्म ने अक्षय कुमार की केसरी और अजय देवगन की टोटल धमाल को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने क्रमश: 153 करोड़ और 154.30 करोड़ का कलेक्शन किया था।

  • उरी- द सर्जीकल स्ट्राइक- 244.06 करोड़
  • भारत- 159.30 करोड़
  • टोटल धमाल- 154.30 करोड़
  • केसरी- 153 करोड़
  • गली बॉय- 139.38 करोड़

अली अब्बास ज़फ़र निर्देशित भारत साउथ कोरियन फ़िल्म ओडे टू माय फादर का आधिकारिक रीमेक है। फ़िल्म में सलमान ख़ान के किरदार भारत की ज़र्नी दिखायी गयी है। साथ ही देश में होने वाली प्रमुख राजनीतिक घटनाएं भारत की अपनी यात्रा के समानांतर चलती हैं। कटरीना कैफ़, जैकी श्रॉफ, दिशा पाटनी, सुनील ग्रोवर, तब्बू, सतीश कौशिक ने अहम किरदार निभाये हैं।