Bharat Box Office: रेस 3 से आगे निकली सलमान ख़ान की फ़िल्म ‘भारत’, अब हो गये इतने करोड़

एम वशिष्ठ, मुंबई। सलमान ख़ान की अति-महत्वाकांक्षी फ़िल्म भारत के कलेक्शंस में गिरावट जारी है। हालांकि बुधवार को भारत ने सलमान की ही रेस 3 के कलेक्शंस को पीछे छोड़ दिया है। बुधवार को फ़िल्म ने 6.25 करोड़ जमा किये, जिसके साथ अब आठ दिनों का नेट कलेक्शन 173.85 करोड़ हो गया है।

2018 में ईद के मौक़े पर आयी रेस 3 ने 169 करोड़ का कलेक्शन किया था और फ़िल्म औसत रही थी। फ़िल्म की इस रफ़्तार को देखते हुए लगता है कि 200 करोड़ तक पहुंच सकती है। हालांकि इसके बाद सफ़र थोड़ा मुश्किल हो जाएगा। 2019 की पहली छमाही की सबसे कामयाब फ़िल्म उरी: द सर्जीकल स्ट्राइक बनी हुई है, जिसका रिकॉर्ड तोड़ पाना भारत के लिए मुश्किल होगा।

भारत इस साल के टॉप 5 बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शंस की लिस्ट में दूसरे स्थान पर आ चुकी है। सोमवार को इसने अक्षय कुमार की केसरी और अजय देवगन की टोटल धमाल को पीछे छोड़ दिया था, जिन्होंने क्रमश: 153 करोड़ और 154.30 करोड़ का कलेक्शन किया।

  1. उरी: द सर्जीकल स्ट्राइक- 244.06 करोड़- विक्की कौशल
  2. भारत- 173.85 करोड़- सलमान ख़ान
  3. टोटल धमाल- 154.30 करोड़- अजय देवगन
  4. केसरी- 153 करोड़- अक्षय कुमार
  5. गली बॉय- 139.38 करोड़- रणवीर सिंह

वर्किंग वीक में भारत की रफ़्तार देखें तो सोमवार को 9.20 करोड़ मिले थे, जबकि मंगलवार को फ़िल्म ने 8.30 करोड़ का कलेक्शन किया था। भारत 5 जून को ईद के मौक़े पर देश में 4700 और विदेशो में 1300 स्क्रींस पर रिलीज़ की गयी थी। धमाकेदार शुरुआत करते हुए भारत ने पहले दिन बुधवार को 42.30 करोड़ का कलेक्शन किया था।

दूसरे दिन गुरुवार को भारत ने 31 करोड़ बटोरे, वहीं तीसरे दिन यानि शुक्रवार को भारत 22.20 करोड़ ही जमा कर सकी। शनिवार को कलेक्शंस में उछाल आया और 26.70 करोड़ बटोर लिये। वहीं रविवार को फ़िल्म ने 27.90 करोड़ का कलेक्शन किया, जिसके साथ 5 दिन लम्बे ओपनिंग वीकेंड में भारत का नेट कलेक्शन 150.10 करोड़ हो गया था।।

अली अब्बास ज़फ़र निर्देशित भारत साउथ कोरियन फ़िल्म ओडे टू माय फादर का आधिकारिक रीमेक है। फ़िल्म में सलमान ख़ान के किरदार भारत की ज़र्नी दिखायी गयी है। साथ ही देश में होने वाली प्रमुख राजनीतिक घटनाएं भारत की अपनी यात्रा के समानांतर चलती हैं। कटरीना कैफ़, जैकी श्रॉफ, दिशा पाटनी, सुनील ग्रोवर, तब्बू, सतीश कौशिक ने अहम किरदार निभाये हैं।