Bharat Box Office: ईद पर सलमान ख़ान लाये कमाई का सैलाब, भारत को मिली रिकॉर्ड ओपनिंग

शायोनी गुप्ता, मुंबई। आख़िरकार एक बार फिर सलमान ख़ान को उनके चाहने वालों ने ज़बर्दस्त ईदी दी है। 5 जून को ईद के मौक़े पर रिलीज़ हुई भारत ने बॉक्स ऑफ़िस पर कमाई का सैलाब ला दिया और यह सलमान के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग बन गयी है। भारत के यह कलेक्शंस इसलिए भी मायने रखते हैं, क्योंकि फ़िल्म के सामने भारत और साउथ अफ्रीका के पहले वर्ल्ड कप मैच की चुनौती भी थी।

देशभर में ईद की ख़ुशियों के बीच सलमान ख़ान की फ़िल्म भारत रिलीज़ हुई। इधर, भारतीय क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड कप के पहले मैच में साउथ अफ्रीका को हराकर विजयी शुरुआत की, उधर सलमान की भारत ने सिनेमाघरों में कमाई का रिकॉर्ड बना दिया।

बॉक्स ऑफ़िस का हिसाब-किताब रखने वालों के मुताबिक़, भारत ने 42.30 करोड़ का कलेक्शन पहले दिन किया है। यह सलमान की अभी तक की सर्वश्रेष्ठ ओपनिंग है। अगर सलमान की फ़िल्मों की टॉप 5 ओपनिंग की बात करें तो लिस्ट इस प्रकार बनती है-

  1. भारत- 42.30 करोड़
  2. प्रेम रतन धन पायो- 40.35 करोड़
  3. सुल्तान- 36.54 करोड़
  4. टाइगर ज़िंदा है- 34.10
  5. एक था टाइगर- 32.93 करोड़

सलमान ख़ान ने भारत की इस ओपनिंग के साथ ट्यूबलाइट और रेस3 की ओपनिंग का कलंक धो दिया है। रेस 3 ने 29.17 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जबकि ट्यूबलाइट ने 21.15 करोड़ पहले दिन जमा किये थे।

साल 2019 की टॉप 5 ओपनिंग की बात करें तो अब टॉपर सलमान ही हैं। लिस्ट इस प्रकार है-

  1. भारत- 42.30 करोड़
  2. कलंक- 21.60 करोड़
  3. केसरी- 21.06 करोड़
  4. गली बॉय- 19.40 करोड़
  5. टोटल धमाल- 16.50 करोड़

अब अगर All Time Top 5 Opening Day Collections की सूची बनायें तो सबसे बड़ी ओपनिंग आमिर ख़ान की ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान के नाम है। पिछले साल दिवाली पर रिलीज़ हुई फ़िल्म ने 50.75 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया था। दूसरे स्थान पर 2014 की दिवाली पर आयी शाह रुख़ ख़ान की हैप्पी न्यू ईयर है, जिसने ने 44.97 करोड़ की ओपनिंग ली थी। 42.30 करोड़ के साथ तीसरे स्थान पर भारत आ गयी है और चौथे स्थान पर प्रेम रतन धन पायो है, जिसने 40.35 करोड़ पहले दिन जुटा लिये थे। यह फ़िल्म भी 2015 की दिवाली पर आयी थी।

पांचवें स्थान पर भी सलमान ही हैं, जिनकी सुल्तान ने 36.54 करोड़ की ओपनिंग ली थी। फ़िल्म 2016 की ईद पर आयी थी। टॉप 5 ओपनिंग डे कलेक्शंस की लिस्ट में से अब रणबीर कपूर की संजू बाहर हो गयी है, जिसने 34.75 करोड़ की ओपनिंग ली थी। यह फ़िल्म 29 जून 2018 को रिलीज़ हुई थी और नॉन हॉलिडे रिलीज़ है। इस लिस्ट में बाहुबली- द कन्क्लूज़न को नहीं लिया गया है, जिसके हिंदी वर्ज़न ने 41 करोड़ की ओपनिंग ली थी। यह मूल रूप से तेलुगु फ़िल्म है, जिसे हिंदी में डब करके रिलीज़ किया गया था।

अली अब्बास ज़फ़र निर्देशित भारत में कटरीना कैफ़, सुनील ग्रोवर, तब्बू, जैकी श्रॉफ, कुमुद मिश्रा, सतीश कौशिक और दिशा पाटनी ने अहम किरदार निभाये हैं।