Box Office: जनवरी ने निकाल दी बॉलीवुड की जान

मुंबई: जनवरी। साल का पहला महीना। नई उम्मीदों और अपेक्षाओं का महीना। मगर, बॉक्स ऑफ़िस पर जनवरी ने निराश किया है। कई छोटी-बड़ी फ़िल्में रिलीज़ हुईं, लेकिन दर्शकों ने तक़रीबन सभी फ़िल्मों को नकार दिया। कुछ ही फ़िल्में हैं, जो जनवरी में चेहरा बचाने में क़ामयाब रहीं।
9 जनवरी को तेवर रिलीज़ हुई। डेब्यूटेंट डायरेक्टर अमित शर्मा की इस फ़िल्म में अर्जुन कपूर और सोनाक्षी सिन्हा ने लीड रोल्स निभाए, जबकि मनोज बाजपेयी ने फ़िल्म में निगेटिव रोल प्ले किया। तमाम प्रोमोशन के बावजूद तेवर ने महज़ सात करोड़ की ओपनिंग ली। रिलीज़ के पहले हफ़्ते में तेवर ने 35 करोड़ का बिजनेस किया, और क़रीब 39 करोड़ जमा करके दूसरे हफ़्ते में दम तोड़ दिया। तेवर 2015 की पहली बड़ी नाक़ामयाबी है।

Tevar 2

16 जनवरी को बिपाशा बसु स्टारर एलोन रिलीज़ हुई। डायरेक्टर भूषण पटेल की ये हॉरर फ़िल्म इसी नाम से आई थाई फ़िल्म की रीमेक है। भूषण ने फ़िल्म में हॉरर के साथ सेक्स का छौंका लगाया, और डेब्यूटेंट करण सिंह ग्रोवर के साथ बिपाशा के गरमा-गरम दृश्यों को प्रोमोशन का हिस्सा बनाया। ताबड़-तोड़ प्रोमोशन के दम पर फ़िल्म ने 3.5 करोड़ की ओपनिंग ले ली, और पहले हफ़्ते में क़रीब 22 करोड़ जमा कर लिए। फ़िल्म हिट तो नहीं रही, लेकिन नियंत्रित बजट ने इसे डूबने से बचा लिया।

Bipasha Basu Alone

23 जनवरी को दो फ़िल्में आईं- बेबी और डॉली की डोली। बेबी को नीरज पांडेय ने डायरेक्ट किया। फ़िल्म में लीड रोल्स अक्षय कुमार और तापसी पन्नू ने निभाए, जबकि मधुरिमा टुली, डैनी डेंग्जोंग्पा, अनुपम खेर, राणा डग्गूबाती, केके मेनन और सुशांत सिंह सपोर्टिंग रोल्स में दिखाई दिए। बेबी ने 9.30 करोड़ की ओपनिंग ली, लेकिन अच्छे रिव्यूज़ और माउथ पब्लिसिटी के दम पर फ़िल्म की कमाई का ग्राफ़ चढ़ता गया, और रिलीज़ के 10 दिन बाद बेबी लगभग 75 करोड़ जमा कर चुकी है।

baby dkd

डेब्यूटेंट अभिषेक डोगरा की फ़िल्म डॉली की डोली महज़ 2 करोड़ की ओपनिंग मिली। अरबाज़ ख़ान प्रोड्यूस्ड इस फ़िल्म में सोनम कपूर, पुल्कित सम्राट, राजकुमार राव औऱ वरूण शर्मा ने लीड रोल्स निभाए। रिलीज़ के पहले हफ़्ते में फ़िल्म ने क़रीब 19 करोड़ जमा किए। अनुमान है, कि डॉली की डोली का लाइफ़टाइम कलेक्शन 20-25 करोड़ के बीच रहेगा।

Khamoshiyan Gurmeet

जनवरी के आख़िरी शुक्रवार यानि 30 जनवरी को तीन फ़िल्में रिलीज़ हुईं- ख़ामोशियां, रहस्य और हवाईज़ादा। भट्ट कैंप की इरोटिक-थ्रिलर फ़िल्म ख़ामोशियां में अली फ़ज़ल, सपना पब्बी और गुरमीत सिंह ने लीड रोल्स निभाए। फ़िल्म ने 1.92 करोड़ की ओपनिंग ली, जबकि 7 करोड़ का ओपनिंग वीकेंड किया है। हवाईज़ादा की हालत और खस्ता है। फ़िल्म ने मसज़ 57 लाख की ओपनिंग ली, जबकि रिलीज़ के तीन दिन में 2 करोड़ जमा किए। डेब्यूटेंट विभु पुरी डायरेक्टिड फ़िल्म में आयुष्मान खुराना ने लीड रोल्स निभाए, जबकि पल्लवी शारदा ने फीमेल लीड रोल निभाया। मनीष गुप्ता डायरेक्टिड रहस्य के कलेक्शंस बताने लायक भी नहीं हैं, लिहाज़ा उन्हें जारी भी नहीं किया गया है।
जनवरी के महीने में बेबी विनर रही है। सिर्फ़ इसी से 100 करोड़ की उम्मीद की जा सकती है।