Box Office Report: ‘पीएम नरेंद्र मोदी’ नहीं हॉलीवुड का ‘अलादीन’ है ‘India’s Most Wanted’

मुंबई। बॉक्स ऑफ़िस पर इस समय मज़ेदार खेल चल रहा है। हॉलीवुड से आये अलादीन ने बॉलीवुड फ़िल्मों की हालत खस्ता कर रखी है। देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ताजपोशी की लहर है, मगर उनकी बायोपिक सिनेमाघरों में मात खा रही है। वहीं इंडियाज़ मोस्ट वांटेड भी दर्शक की वांटेड लिस्ट में नहीं है।

शुक्रवार (24 मई) को PM Narendra Modi और India’s Most Wanted रिलीज़ हुईं। इनके साथ हॉलीवुड फ़िल्म Aladdin भी सिनेमाघरों में उतरी। मगर, अलादीन ने दोनों बॉलीवुड फ़िल्मों से अधिक कलेक्शन किया। शुक्रवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने ₹2.88 करोड़ जमा किये थे, जबकि इंडियाज़ मोस्ट वांटेड को ₹2.10 करोड़ ही मिल सके। वहीं, अलादीन ने ₹4.25 करोड़ पहले दिन जमा किये।

रिलीज़ के दूसरे दिन यानि शनिवार को भी कुछ ऐसा ही मंज़र रहा। सभी फ़िल्मों के कलेक्शंस बढ़े, मगर सबसे ज़्यादा अलादीन की कमाई रही। पीएम नरेंद्र मोदी ने दूसरे दिन ₹3.76 करोड़ जमा किये, जबकि इंडियाज़ मोस्ट वांटेड ने ₹3.03 करोड़ ही मिले। वहीं अलादीन ने ₹6.50 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया।

अब शुक्रवार और शनिवार को मिलाकर तीनों फ़िल्मों की कमाई इस प्रकार है-

इंडियाज़ मोस्ट वांटेड- ₹5.13 करोड़

पीएम नरेंद्र मोदी- ₹6.64 करोड़

अलादीन- ₹10.75 करोड़

यहां एक और फ़िल्म का ज़िक्र करना ज़रूरी है। यह है अजय देवगन की दे दे प्यार दे, जो दूसरे हफ़्ते में भी दम दिखा रही है। इन नई रिलीज़ फ़िल्मों के बावजूद दे दे प्यार दे ने दूसरे शुक्रवार को ₹3.58 करोड़ और शनिवार को ₹4.78 करोड़ का कलेक्शन किया है।

ग़ौरतलब है कि दे दे प्यार दे ने दोनों दिन पीएम नरेंद्र मोदी और इंडियाज़ मोस्ट वांटेड से ज़्यादा कलेक्शन किया है। 17 मई को रिलीज़ हुई दे दे प्यार दे ₹69.41 करोड़ जमा कर चुकी है।