De De Pyaar De Box Office: 100 करोड़ क्लब में शामिल हुई अजय देवगन की ‘दे दे प्यार दे’

मनोज शर्मा, मुंबई। अजय देवगन की फ़िल्म बॉक्स ऑफ़िस पर तमाम फ़िल्मों से जूझते हुए आख़िरकार 100 करोड़ क्लब में दाख़िल हो ही गयी। सलमान ख़ान की भारत की रिलीज़ के बावजूद दे दे प्यार दे रेस में बनी रही और 26 दिनों में यह अहम पड़ाव पार कर लिया। फ़िल्म अभी भी कुछ सिनेमाघरों में लगी हुई है।

अकीव अली निर्देशित दे दे प्यार दे 17 मई को रिलीज़ हुई थी और फ़िल्म ने उम्मीद से कम महज़ 10.41 करोड़ की ओपनिंग ली थी। ट्रेड को उम्मीद थी कि फ़िल्म 12-15 करोड़ की कमाई पहले दिन करेगी। कम ओपनिंग के बावजूद दे दे प्यार दे माउथ पब्लिसिटी के दम पर चलती रही। इसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी, इंडियाज़ मोस्ट वांटेड जैसी फ़िल्में भी रिलीज़ हुईं, मगर दे दे प्यार दे के कलेक्शंस बढ़ते रहे। तीसरा हफ़्ता ख़त्म होने के बाद दे दे प्यार दे का नेट कलेक्शन 97.01 करोड़ हो चुका था। मगर 5 जून को भारत की रिलीज़ के बाद फ़िल्म के कलेक्शंस की रफ़्तार थमी और 100 करोड़ तक पहुंचने में कुछ दिन और लग गये।

बहरहाल, 100 करोड़ क्लब में दे दे प्यार दे अजय की 10वीं फ़िल्म है। 2019 में उनकी यह दूसरी फ़िल्म है, जिसने इस क्लब की सदस्यता ली है। इससे पहले आयी टोटल धमाल ने 150 करोड़ से अधिक जमा किये थे। 100 करोड़ क्लब में सबसे अधिक सलमान ख़ान की 14 फ़िल्में हैं, जबकि अक्षय कुमार की 11 फ़िल्में हैं।

फ़िल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू और रकुलप्रीत मुख्य भूमिकाओं में हैं। ‘दे दे प्यार दे’ की कहानी एक 50 साल के बिज़नेसमैन और उसकी 24 साल की गर्लफ्रेंड की लव स्टोरी पर आधारित है। फ़िल्म में तब्बू अजय की एक्स वाइफ़ और रकुल गर्लफ्रेंड के रोल में हैं। फ़िल्म को समीक्षकों ने भी सपोर्ट किया है। तब्बू के साथ अजय की पिछली फ़िल्म गोलमाल अगेन है, जबकि रकुल के साथ वो पहली बार पेयर अप हुए हैं।