De De Pyaar De Box Office: अजय देवगन की फ़िल्म क्या 100 करोड़ क्लब में होगी शामिल?

मनोज शर्मा, मुंबई। अजय देवगन की फ़िल्म ‘दे दे प्यार दे’ धीरे-धीरे 100 करोड़ की तरफ़ बढ़ रही है। फ़िल्म रविवार (2 जून) को ₹90 करोड़ का पड़ाव पार कर चुकी है, मगर 100 करोड़ के रास्ते में सलमान ख़ान की भारत खड़ी होगी।

शुक्रवार (31 मई) को 1.96 करोड़ के साथ दे दे प्यार दे ने तीसरे हफ़्ते का सफ़र शुरू कर दिया। वहीं शनिवार को ₹2.82 करोड़ जुटा लिये। इसके साथ ही दे दे प्यार दे का 16 दिनों का कलेक्शन ₹89.27 करोड़ पर पहुंच चुका है। रविवार को अनुमान है कि फ़िल्म 3-3.50 करोड़ के बीच जमा कर सकती है। यानि रविवार का कलेक्शन मिलाकर दे दे प्यार दे 92 करोड़ से अधिक कमा लेगी। इसके बाद सोमवार और मंगलवार के दिन ही बचे हैं क्योंकि बुधवार (5 जून) से सलमान ख़ान की भारत आ जाएगी। इसके बाद दे दे प्यार दे की रफ़्तार और धीमी हो सकती है। हालांकि यह भी माना जा रहा है कि भारत की रिलीज़ तक दे दे प्यार दे 95 करोड़ का कलेक्शन तो कर ही लेगी। इसके बाद अगले वीकेंड तक 100 करोड़ जमा कर सकती है।

17 मई को देशभर में 3100 से अधिक स्क्रींस पर रिलीज़ हुई ‘दे दे प्यार दे’ को पहले दिन ₹10.41 करोड़ की ओपनिंग मिली थी। दूसरे दिन शनिवार को फ़िल्म के कलेक्शंस में जंप आया और ₹13.39 करोड़ की कमाई कर ली। रविवार को ₹14.74 करोड़ के कलेक्शन के साथ फ़िल्म ने ओपनिंग वीकेंड में ₹38.54 करोड़ का शानदार कलेक्शन कर लिया था।

गुरुवार (23 मई) को De De Pyaar De ने ₹4.48 करोड़ के साथ सिनेमाघरों में 7 दिनों का पूरा सफ़र पूरा कर लिया था, जिसे मिलाकर पहले हफ़्ते में फ़िल्म की कमाई ₹61.05 करोड़ पर पहुंच गयी। वर्किंग वीक में सोमवार को फ़िल्म ने ₹6.19 करोड़ का कलेक्शन किया था, जबकि मंगलवार को कलेक्शंस ₹6.10 करोड़ रहे थे। बुधवार को फ़िल्म ने 5.74 करोड़ की राशि जमा की थी। पहले हफ़्ते में दे दे प्यार दे के आंकड़ों में अधिक गिरावट नहीं आयी। हालांकि दे दे प्यार दे की रफ़्तार अजय की पिछली रिलीज़ टोटल धमाल से कम रही, जिसने पहले हफ़्ते में ₹94.55 करोड़ जमा किये थे। 

‘दे दे प्यार दे’ ने दूसरे शुक्रवार (24 मई) को ₹3.58 करोड़ जमा किये थे। शनिवार को ₹4.78 करोड़ और रविवार को ₹5.68 करोड़ का कलेक्शन किया। दूसरे वीकेंड में ही फ़िल्म ने ₹14 करोड़ का कलेक्शन कर लिया था। इसके बाद सोमवार को ₹2.73 करोड़, मंगलवार को ₹2.37 करोड़, बुधवार को ₹2.23 करोड़ और गुरुवार ₹2.07 करोड़ जमा किये। दूसरे हफ़्ते में फ़िल्म ने ₹23.44 करोड़ का कलेक्शन किया। दो हफ़्तों बाद फ़िल्म का नेट कलेक्शन ₹84.49 करोड़ हो गया था।

‘दे दे प्यार दे’ को अकीव अली ने डायरेक्ट किया है। फ़िल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू और रकुलप्रीत मुख्य भूमिकाओं में हैं। ‘दे दे प्यार दे’ की कहानी एक 50 साल के बिज़नेसमैन और उसकी 24 साल की गर्लफ्रेंड की लव स्टोरी पर आधारित है। फ़िल्म में तब्बू अजय की एक्स वाइफ़ और रकुल गर्लफ्रेंड के रोल में हैं। फ़िल्म को समीक्षकों ने भी सपोर्ट किया है। तब्बू के साथ अजय की पिछली फ़िल्म गोलमाल अगेन है, जबकि रकुल के साथ वो पहली बार पेयर अप हुए हैं।