ओपनिंग वीकेंड: हाउसफुल रही ‘हाउसफुल 3’, पहले पायदान पर

‘हाउसफुल 3’ ने 2016 का सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड किया है। शाह रूख़ ख़ान की ‘फ़ैन’ को पीछे छोड़ दिया है।




मुंबई: ‘हाउसफुल 3’ ने बॉक्स ऑफ़िस पर शानदार शुरूआत की है। फ़िल्म ने ओपनिंग वीकेंड में 53.31 करोड़ का कलेक्शन किया है। ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन की लिस्ट में ‘हाउसफुल 3’ पहले पायदान पर है, जबकि शाह रूख़ ख़ान की फ़िल्म ‘फ़ैन’ इससे कुछ लाख पीछे रह गई है, जिसने 52.35 करोड़ का कलेक्शन ओपनिंग वीकेंज में किया था।

3 जून को रिलीज़ हुई ‘हाउसफुल 3’ ने 15.21 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जो इस साल की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग है। पहले स्थान पर ‘फ़ैन’ है, जिसने 19.20 करोड़ पहले दिन जमा किए थे। ‘हाउसफुल 3’ का पहला दिन हल्का रहा, लेकिन वीकेंड के बाक़ी दिनों में फ़िल्म ने रफ़्तार पकड़ी, और शनिवार को 16.30 करोड़, जबकि रविवार को 21.80 करोड़ का कलेक्शन किया।

गौर करने वाली बात ये है, कि साजिद-फरहाद निर्देशित इस फ़िल्म को क्रिटिक्स ने काफी ख़राब रेटिंग दी है। मगर ओपनिंग वीकेंड के कलेक्शंस देखकर लगता है, कि दर्शकों ने क्रिटिक्स की बात पर ख़ास तवज्जो नहीं दी है।

‘हाउसफुल 3’ के ओपनिंग कलेक्शंस के ट्रेंड को देखें, तो फ़िल्म आने वाले दिनों में और बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। रविवार को फ़िल्म का कलेक्शन लगभग 21.80 करोड़ रहा है, जबकि ‘फ़ैन’ का रविवार का कलेक्शन 17.75 करोड़ था। ‘फ़ैन’ के कलेक्शन ओपनिंग के बाद जहां गिरे, वहीं ‘हाउसफुल 3’ के कलेक्शंस लगातार बढ़े हैं।

‘हाउसफुल 3’ को 3700 घरेलू स्क्रींस पर रिलीज़ किया गया है। फ़िल्म में अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, अभिषेक बच्चन, जैकलिन फर्नांडिस, नर्गिस फ़ाख़री और लीज़ा हेडन ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।