Super 30 Box Office Collection Day 1: Hrithik Roshan की बॉक्स ऑफ़िस पर इतने करोड़ की छलांग

मुंबई, एम वशिष्ठ। रितिक रोशन की फ़िल्म सुपर 30 ने बॉक्स ऑफ़िस पर अच्छी शुरुआत की है। फ़िल्म ने पहले दिन लगभग 12 करोड़ का कलेक्शन किया है, जिसकी ट्रेड को उम्मीद थी। सुपर 30 को क्रिटिक्स ने भी पसंद किया है और फ़िल्म से बेहतरीन कलेक्शन की अपेक्षा की जा रही है।

शुक्रवार (12 जुलाई) को सिनेमाघरों में पहुंची फ़िल्म को पहले दिने 11.83 करोड़ का कलेक्शन किया है। ट्रेड सूत्रों के अनुसार फ़िल्म मल्टीप्लेक्सों और शहरी इलाक़ों में अच्छा कारोबार कर रही है, जबकि मास सेंटर्स पर दर्शकों की संख्या अधिक नहीं है। हालांकि होना इसके विपरीत चाहिए था, क्योंकि रितिक का किरदार देश के ऐसे युवाओं का प्रतिनिधित्व करता है, जो समाज के कमज़ोर तबके से निकलकर अपनी प्रतिभा के दम पर समाज में अपना नाम और रुतबा बनाते हैं। फ़िल्म को ओपनिंग वीकेंड में अच्छा कलेक्शन करने के लिए शनिवार और रविवार को पकड़ बनाकर रखनी होगी।

विकास बहल निर्देशित फ़िल्म में रितिक ने पटना की सुपर 30 कोचिंग के संचालक और संस्थापक आनंद कुमार का किरदार निभाया है। सुपर 30 कोचिंग में ग़रीब परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आईआईटी जैसे संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित परीक्षा की तैयारी मुफ्त करवाई जाती है। आनंद ख़ुद गणित के अध्यापक हैं।

सुपर 30 आनंद के ही संघर्षो और उपलब्धियों की कहानी है। फ़िल्म में रितिक के साथ नंदीश संधू, पंकज त्रिपाठी और मृणाल ठाकुर ने अहम भूमिकाएं निभायी हैं। इस फ़िल्म के ज़रिए रितिक पूरे ढाई साल बाद बड़े पर्दे पर लौटे हैं। उनकी आख़िरी फ़िल्म 2017 में आयी काबिल है, जो हिट रही थी।