Tanhaji Box Office Collection Day 2: अजय देवगन की फ़िल्म ने दूसरे दिन की छप्परफाड़ कमाई

शायोनी गुप्ता, मुंबई। अजय देवगन की ऐतिहासिक फ़िल्म तानाजी- द अनसंग वॉरियर बॉक्स ऑफ़िस पर धमाल मचा रही है। फ़िल्म ने रिलीज़ के दूसरे दिन ज़बर्दस्त कमाई करते हुए 20 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है।

10 जनवरी को तानाजी- द अनसंग वॉरियर देशभर में 3800 से अधिक स्क्रींस पर रिलीज़ की गयी है। फ़िल्म ने पहले दिन शुक्रवार को 15.10 करोड़ का नेट कलेक्शन किया, जबकि दूसरे दिन शनिवार को 20.57 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया। दो दिनों में तानाजी का बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन 35.67 करोड़ हो गया है। ट्रेड जानकारों के अनुसार, फ़िल्म महाराष्ट्र में बेहतरीन कलेक्शन कर रही है। इसके साथ मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में भी समान रूप से दर्शक जुटा रही है। बता दें कि तानाजी-द अनसंग वॉरियर हिंदी के साथ मराठी भाषा में भी रिलीज़ की गयी है, जिसका पूरा फ़ायदा फ़िल्म को मिलता दिखायी दे रहा है।

ओम राउत निर्देशित तानाजी 17वीं सदी की कहानी है। फ़िल्म में छत्रपति शिवाजी महाराज की सेना में सूबेदार तानाजी मालुसरे की कोंढणा क़िले पर जीत की कहानी दिखायी गयी है, जिसे मुगलों से छुड़ाने में वो शहीद हो जाते हैं। सैफ़ अली ख़ान ने फ़िल्म में अदयभान का किरदार निभाया है, जिसके क़ब्ज़े से क़िले को छुड़ाया जाता है। काजोल फ़िल्म में तानाजी मालुसरे की पत्नी सावित्रीबाई के रोल में है।

तानाजी- द अनसग वॉरियर इस साल की पहली रिलीज़ है और उम्मीद की जा रही है कि फ़िल्म 100 करोड़ क्लब में आसानी से एंट्री ले लेगी। फ़िल्म के शुरुआती कलेक्शंस से ख़ुश अजय देवगन ने दर्शकों का शुक्रिया अदा किया और दर्शकों से इतिहास की यह अनकही गाथा देखने की अपील की।

तानाजी- द अनसंग वॉरियर के कलेक्शंस रविवार को और बढ़ सकते हैं। उम्मीद है कि फ़िल्म 60 करोड़ के आसपास ओपनिंग वीकेंड में जमा कर सकती है।