दूसरे वीकेंड में तानाजी- अनसंग वॉरियर का तूफ़ान जारी, नौवें दिन कर डाली पहले दिन से ज़्यादा कमाई

शायोनी गुप्ता, मुंबई। अजय देवगन की फ़िल्म तानजी- द अनसंग वॉरियर बॉक्स ऑफ़िस पर गदर मचाये हुए है। फ़िल्म ने दूसरे वीकेंड में कमाई की नई ऊंचाई छू ली है और कलेक्शंस तूफ़ानी गति से बढ़ रहे हैं। फ़िल्म आज (रविवार) को 150 करोड़ का अहम पड़ाव पार कर लेगी।

17 जनवरी से फ़िलम् दूसरे हफ़्ते में प्रवेश कर गयी है। दूसरे शुक्रवार को फ़िल्म ने 10.06 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया, लेकिन शनिवार को तो कमाई ने ऐसा उछाल मारा कि आंकड़ा पहले दिन की कमाई से आगे निकल गया। 10 जनवरी को रिलीज़ हुई तानाजी ने 15.10 करोड़ का कलेक्शन पहले दिन किया था, लेकिन दूसरे शनिवार को फ़िल्म ने 16.36 करोड़ की कमाई की। इसके साथ तानाजी का 9 दिनों का नेट कलेक्शन 145.33 करोड़ हो चुका है। ज़ाहिर है कि 150 करोड़ और दूसरे हफ़्ते में फ़िल्म 175 करोड़ का पड़ाव पार कर सकती है। 100 करोड़ कमाने का बाद तानाजी से अब 200 करोड़ की उम्मीद की जा रही है।

ट्रेड जानकारों के अनुसार, फ़िल्म अक्षय कुमार की गुड न्यूज़ से बेहतर ट्रेंड कर रही है। इसका मतलब यह हुआ कि कमाई के मामले में तानाजी ने दर्शकों के बीच मजबूत पकड़ बनाकर रखी है। बता दें कि ओम राउत निर्देशित फ़िल्म हिंदी के साथ मराठी में भी रिलीज़ की गयी है। फ़िल्म 2 डी और 3 डी फॉर्मेट में रिलीज़ की गयी है, जिसका फायदा इसे मिल रहा है।

पहले हफ्ते में तानाजी का सफ़र देखें तो फ़िल्म ने 10 जनवरी को 15.10 करोड़ की ओपनिंग ली थी। पहले शनिवार को फ़िल्म ने 20.57 करोड़ और दूसरे रविवार को 26.26 करोड़ का कलेक्शन किया था। सोमवार को 13.75 करोड़, मंगलवार को 15.28 करोड़, बुधवार को 16.72 करोड़ और गुरुवार को 11.23 करोड़ बटोरे थे। इसके साथ तानाजी ने पहले हफ़्ते में 118.91 करोड़ जमा कर लिये थे।

फ़िल्म में अजय देवगन ने मराठा सूबेदार तानाजी मालुसरे का किरदार निभाया है, जबकि सैफ़ अली ख़ान मुगल सेना के लड़ाके उदयभान के किरदार में हैं। काजोल ने तानाजी की धर्मपत्नी सावित्रीबाई की भूमिका निभायी है। शरद केलकर छत्रपति शिवाजी महाराज के रोल में हैं। फ़िल्म को उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री कर दिया गया है।