रिएलिटी शो जज करने के लिए छोटा हूं: अर्जुन कपूर

मुंबई: स्टंट रिएलिटी शो फीयर फैक्टर ख़तरों के खिलाड़ी  के साथ अर्जुन कपूर ने छोटे पर्दे पर क़दम रख दिया है। इस सेलिब्रटी रिएलिटी शो की अर्जुन मेज़बानी कर रहे हैं।

arjun kapoor

एक स्टंट शो के ज़रिए टीवी डेब्यू पर अर्जुन ने कहा- “मैं अभी उस स्थिति में नहीं पहुंचा हूं, कि लोगों को जज करूं। मैं इंडस्ट्री में महज़ 3 साल पुराना हूं। मैं कंटेस्टेंट्स में से एक बने रहना चाहता हूं। मैं मौजमस्ती का हिस्सा बने रहना चाहता हूं, और इस शो में मुझे वो सब करने का मौक़ा मिलेगा।”
साथ ही अर्जुन शो के ज़रिए उन दर्शकों तक पहुंचना चाहते हैं, जिन तक वो फ़िल्मों के ज़रिए नहीं पहुंच पाते। अर्जुन ने कहा- “टेलीविज़न के द्वारा अपनी पर्सनैलिटी का एक पहलू मैं उन्हें दिखा सकता हूं, जो शायद उन्हें मेरी फ़िल्मों में नहीं दिखा हो। मैंने कुछ संजीदा फ़िल्में भी की हैं। फाइडिंग फेनी जैसी फ़िल्में ज़्यादा दर्शकों तक नहीं पहुंच पातीं। शो के ज़रिए मैं लोगों से जुड़ना चाहता हूं।”
इस शो की शुरूआत अक्षय कुमार के साथ हुई थी। इसके बाद प्रियंका चोपड़ा और रोहित शेट्टी ने शो को होस्ट किया, और अब अर्जुन ने उन्हें रिप्लेस किया है। हालांकि वो इसे रिप्लेसमेंट नहीं कहना चाहते।
अर्जुन ने कहा- “मुझे रिप्लेसिंग शब्द ठीक नहीं लगता। जैसा कि मैंने कहा, ये कंटीन्यूएशन है। हर एक्टर की एक जर्नी होती है। इसी तरह हर होस्ट की एक जर्नी होती है।” उम्मीद है, कि इस जर्नी में दर्शक अर्जुन के हमसफ़र बनेंगे।