मुंबई। Toxic Teaser Out: केजीएफ 2 के चार साल बाद यश टॉक्सिक के साथ बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं। चार साल का वक्त लम्बा गैप होता है। अगर कोई सितारा इतने लम्बे गैप के बाद लौटता है तो उम्मीदें और अपेक्षाएं आसमान छूने लगती हैं। यश के फैंस उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
यह इंतजार 19 मार्च को फिल्म की रिलीज के साथ खत्म होगा। टॉक्सिक की रिलीज से ठीक एक महीना पहले 20 फरवरी को इसका टीजर जारी किया गया है और यह आगाज है इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक के प्रमोशन का।
राया की स्टाइल और एक्शन से भरी दुनिया
टीजर में राया की दुनिया दिखाई गई है, जो स्टाइल और एक्शन से भरी हुई है। फिल्म के हर फ्रेम में एक सिनेमैटिक अपील नजर आती है। गैंगस्टर जैसा दिख रहा राया अपनी शर्तों पर जीने वाला इंसान है और तब तक लड़ाई को खत्म नहीं मानता, जब तक वो खुद ना चाहे।
8 जनवरी को यश के जन्मदिन पर उनके किरदार राया की पहली झलक आई थी। टीजर उस झलक से बिल्कुल अलग है और राया की दुनिया के कुछ और पहलू दिखाता है। निर्देशक गीतू मोहनदास की कलाकारी टीजर के दृश्यों में साफ नजर आती है। उन्होंने इसे इंटरनेशनल गैंगस्टर फिल्मों की तरह पेश किया है।
कन्नड़ सिनेमा की इस फिल्म का टीजर हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम में भी रिलीज किया गया है। फिल्म में कियारा आडवाणी फीमेल लीड हैं, जबकि हुमा कुरैशी, नयनतारा, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया अहम किरदारों में नजर आने वाली हैं।
धुरंधर 2 से बॉक्स ऑफिस पर टक्कर
टॉक्सिक, यश की बड़े पर्दे पर वापसी के साथ धुरंधर 2 से क्लैश को लेकर भी खूब चर्चा में है। इसे इस साल का पहला बड़ा क्लैश माना जा रहा है, जिस पर पूरे देश की इंडस्ट्रीज की नजरें टिकी हुई हैं। धुरंधर की ब्लॉकबॉस्टर सफलता के बाद इसके सीक्वल का बेसब्री से इंतजार है।
धुरंधर ने सिर्फ हिंदी भाषा में रिलीज होने के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर 800 करोड़ क्लब में एंट्री ली। दूसरे भाग को हिंदी के साथ साउथ की सभी भाषाओं में रिलीज किया जा रहा है, यानी यश को हर जगह रणवीर सिंह से टक्कर लेनी होगी। टॉक्सिक का टीजर देखकर लगता है कि धुरंधर 2 के लिए यह जंग आसान नहीं रहेगी।

