कितने अजीब रिश्ते हैं यहां… कभी बीवी, कभी बहन!

मुंबई: लाइफ़ चाहे रियल हो या रील… बॉलीवुड में रिश्तों की बड़ी अजीब दास्तां है। फिलहाल हम बात कर रहे हैं एक्टर्स की रील लाइफ़ की, जहां क़िरदारों के ज़रिए एक ही एक्टर कई रिश्ते निभा लेता है। मगर, सबसे अजीब तब लगता है, जब किसी एक फ़िल्म में बीवी बनने वाली एक्ट्रेस दूसरी फ़िल्म में बहन बन जाती है। या बहन बनने वाली एकट्रेस बीवी बन जाती है। रियल लाइफ़ में ये असंभव दिखने वाली ये रिश्तेदारी रील लाइफ़ में खूब निभाई जाती है। चलिए देखते हैं एक्टर्स और एक्ट्रेसेज की ऐसी जोड़ियों को जो पर्दे पर भाई-बहन और आशिक़-माशूक़ के क़िरदार निभा रही हैं।
असिन-अभिषेक बच्चन: अभिषेक और असिन उमेश शुक्ला (ओह माई गॉड) के निर्देशन में बन रही फ़िल्म ऑल इज़ वेल में लीड रोल्स निभा रहे हैं। दोनों इस फ़िल्म में एक-दूसरे से रोमांस कर रहे हैं, लेकिन रोहित शेट्टी की बोल बच्चन में असिन अभिषेक की बहन बनी थीं, जो अजय देवगन से प्यार करती है।
प्रियंका चोपड़ा-रणवीर सिंह: अली अब्बास ज़फ़र की फ़िल्म गुंडे में रणवीर सिंह और प्रियंका चोपड़ा को रोमांटिक रिलेशनशिप में दिखाया गया था, लेकिन ज़ोया अख़्तर की फ़िल्म दिल धड़कने दो में प्रियंका रणवीर की बहन के रोल में हैं। वहीं, संजय लीला भंसाली की फ़िल्म बाजीराव मस्तानी में प्रियंका रणवीर की बीवी बन गई हैं। इस ऐतिहासिक लव स्टोरी में रणवीर बाजीराव बने हैं, जबकि दीपिका पादुकोणे उनकी प्रेमिका मस्तानी के रोल में हैं।

Ranveer priyanka

दीपिका पादुकोणे-अर्जुन रामपाल: अपनी डेब्यू फ़िल्म ओम शांति ओम में दीपिका पादुकोणे ने अर्जुन रामपाल की प्रेमिका का क़िरदार निभाया था। दीपिका विलेन बने अर्जुन से शादी करना चाहती थीं। लेकिन हाउसफुल में अर्जुन दीपिका के पजेसिव ब्रदर बन गए। इस फ़िल्म में दीपिका अक्षय कुमार के अपोज़िट थीं।
ऐश्वर्या राय-शाह रूख़ ख़ान: देवदास और मोहब्बतें जैसी फ़िल्मों में ऐश्वर्या राय ने शाह रूख़ ख़ान की प्रेमिका के क़िरदार अदा किए हैं, जिसे दर्शकों ने भी खूब पसंद किया, मगर इन फ़िल्मों से पहले ऐश्वर्या रोमांटिक ख़ान की बहन बन चुकी थीं। जोश में ऐश ने शाह रूख़ की बहन का रोल निभाया था, जिस पर वो जान छिड़कते हैं। फ़िल्म में ऐश के अपोज़िट थे चंद्रचूड़ सिंह।

srk aish mohabbatein

हेमा मालिनी-अमिताभ बच्चन: हेमा मालिनी और अमिताभ बच्चन को आपने कई फ़िल्मों में रोमांस करते देखा होगा। बागवां में तो दोनों पति पत्नी के रोल में थे, मगर अपने करियर का शुरूआत में बिग बी ने ड्रीम गर्ल के भाई का रोल निभाया था। ये फ़िल्म थी गहरी चाल, जिसमें जीतेंद्र भी एक ख़ास रोल में थे।
ज़ीनत अमान-देवानंद: सत्तर के दशक में ज़ीनत अमान ने अपने हुस्न और अदा से नौजवानों की फेंटेसी को परवान चढ़ाया। उस दौर में ज़ीनत रोमांस के राजा देवानंद की बहन के रुप में पर्दे पर आईं। देव साब की डायरेक्टोरियल फ़िल्म हरे रामा हरे कृष्णा में ज़ीनत उनकी बहन बनीं, जिनकी तलाश पर फ़िल्म की कहानी आधारित थी। पर इसके दो साल बाद ही हीरा-पन्ना में देव साब ने ज़ीनत के साथ पर्दे पर रोमांस किया।
फ़रीदा जलाल-राजेश खन्ना: हिंदी सिनेमा की ज़्यादातर पीढ़ियों ने फ़रीदा जलाल को सुपरस्टार्स की मां और बहन के रोल्स में ही देखा है, पर साठ के दशक में फ़रीदा जलाल भी लीडिंग लेडी बनकर पर्दे पर आ चुकी हैं। 1969 में आई राजेश खन्ना की सुपरहिट फ़िल्म में फ़रीदा उनका लव इंटरेस्ट बनी थीं, लेकिन 1976 में आई बंडलबाज़ में फ़रीदा ने राजेश खन्ना की बहन का रोल निभाया।