100 करोड़ से दूर, लेकिन बॉक्स ऑफ़िस पर हिट-सुपर हिट!

मुंबई: पिछले कुछ अर्से से बॉलीवुड की फ़िज़ा कुछ ऐसी बन गई है, कि जो फ़िल्म 100 करोड़ क्लब में नहीं पहुंचती, उसे फ्लॉप मान लिया जाता है। चर्चा और सारा शोर-शराबा सिर्फ़ स्टार जड़ित फ़िल्मों के आस-पास ही रहता है, जिसमें उन फ़िल्मों की क़ामयाबी की गूंज दबकर रह जाती है, जिनके पास स्टार वैल्यू तो नहीं, लेकिन हिट वैल्यू ज़रूर है।

2015 में ऐसी 8 फ़िल्में आई हैं, जिनमें ना तो कोई स्टार है, ना ही वो 100 करोड़ क्लब में शामिल हुईं, लेकिन बिजनेस के नज़रिए से वो या तो हिट हैं या फिर सुपर हिट। इन फ़िल्मों की इस सफलता के पीछे इनका नियंत्रित बजट और बेहतर मार्केटिंग है। कुछ फ़िल्में को ऐसी भी हैं, जिनकी पब्लिसिटी बहुत कम की गई, मगर दर्शकों ने उन्हें पूरा भाव दिया।

यक़ीन करना मुश्किल है, मगर डायरेक्टर हर्षवर्धन कुलकर्णी निर्देशित फ़िल्म हंटर ने महज़ 13.50 करोड़ का लाइफटाइम कलेक्शन किया, और हिट रही। इसके पीछे वजह है इसका बजट, जो सिर्फ़ 6 करोड़ है। यानि फ़िल्म ने पूरा 7.50 का इनवेस्टमेंट पर रिटर्न (ROI) लिया।

 

फ़िल्म के बिजनेस को लाभप्रद बनाने की तकनीकें यशराज फ़िल्म्स से बेहतर शायद की कोई जानता हो। इसका नमूना 2015 में भी देखने को मिला। बैनर की फ़िल्म दम लगाके हइशा पर 15 करोड़ खर्च किए गए, जबकि इसने जमा किए 30 करोड़। शरत कटारिया डायरेक्टिड इस फ़िल्म के प्रोमोशंस पर बेहद मामूली रकम खर्च की गई। नतीजा फ़िल्म हिट हो गई।

अनुष्का शर्मा इस साल एनएच 10 से प्रोड्यूसर बन गईं, जिसने 32.10 करोड़ का कलेक्शन किया। नवदीप सिंह डायरेक्टिड इस फ़िल्म को बजट महज़ 13 करोड़ था। अनुष्का ने फ़िल्म में खुद लीड रोल भी निभाया। एनएच 10 हिट रही।

कॉमेडियन कपिल शर्मा ने इस साल किस किस को प्यार करूं से डेब्यू किया। इस फ़िल्म को अब्बास-मस्तान ने डायरेक्ट किया था। किस किस को प्यार करूं ने 46 करोड़ का बिजनेस किया, जबकि इसका बजट महज़ 20 करोड़ रूपए था। कपिल का डेब्यू हिट रहा।

वरूण धवन की फ़िल्म बदलापुर ने 51.40 करोड़ का बिजनेस किया, जबकि इसका बजट 25 करोड़ था। फ़िल्म ने ना सिर्फ़ लागत वसूल ली, बल्कि कुछ लाख का लाभ भी प्रोड्यूसर्स को हुआ। लिहाज़ा श्रीराम राघवन डायरेक्टिड फ़िल्म हिट रही।

शूजीत सरकार की फ़िल्म पीकू इस साल की हिट फ़िल्मों मे शामिल है। फ़िल्म ने 79.92 करोड़ का क़ारोबार घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर किया, जबकि इसको 35 करोड़ के बजट में बनाया गया था। दीपिका पादुकोणे, अमिताभ बच्चन और इरफ़ान ख़ान स्टारर फ़िल्म ने लागत वसूलने के साथ फ़ायदा भी दिया।

इरोटिक थ्रिलर हेट स्टोरी 3 ने 53.50 करोड़ का लाइफ़टाइम कलेक्शन किया, मगर फिर भी विशाल पंड्या की फ़िल्म सुपर हिट है, क्योंकि इसका बजट महज़ 13.20 करोड़ है। वहीं लव रंजन डारेक्टिड प्यार का पंचनामा 2 भी सुपर हिट फ़िल्म है, जिसने 62 करोड़ जमा किए, जबकि इसका बजट था महज़ 18 करोड़।