सलमान ख़ान ने 27 साल तो सनी देओल ने 37 साल छोटी हीरोइन से किया रोमांस

मुंबई।भारत के प्रमोशन के दौरान दिशा पाटनी ने यह कहकर चौंका दिया था कि वो सलमान ख़ान के साथ अब काम नहीं कर सकेंगी। इसके पीछे दिशा ने अपनी और सलमान की उम्र के अंतर को कारण बताया। दिशा का तर्क था कि भारत के जिन दृश्यों में वो सलमान के साथ आयी हैं, उनमें सलमान की उम्र 20-30 के बीच दिखायी गयी है। दिशा अभी 26 साल की हैं, वहीं सलमान 53 के हैं।

वैसे दिशा का यह डर फिजूल ही है, क्योंकि सलमान पहले भी ऐसी हीरोइनों के साथ फ़िल्में करते रहे हैं, जो उनसे 20 साल से ज़्यादा छोटी हैं।

संजय लीला भंसाली की फ़िल्म इंशाअल्लाह में सलमान और आलिया भट्ट की जोड़ी बनी है। रियल लाइफ़ में सलमान 53 साल के हैं, जबकि आलिया 26 की हैं। हालांकि फ़िल्म में सलमान 40 साल के शख़्स का किरदार निभा रहे हैं, वहीं आलिया को 20 के आस-पास दिखाया जाएगा, यानि पर्दे पर भी 20 साल का अंतर रहेगा।

सोनाक्षी सिन्हा ने अपने करियर की शुरुआत सलमान ख़ान की हीरोइन बनकर दबंग से की थी। सलमान और सोनाक्षी की उम्र में 22 साल का फ़र्क है। अब दबंग 3 में भी सलमान के साथ दिखेंगी। जय हो में सलमान के साथ रोमांस करने वाली डेज़ी शाह और सलमान के बीच 19 साल का अंतर है। डेज़ी अभी 34 की हैं और सलमान 53 के। किक और रेस 3 में सलमान की लीडिंग लेडी बनीं जैकलीन फ़र्नांडिस उनसे 20 साल छोटी हैं।

सुल्तान में अनुष्का शर्मा ने सलमान की प्रेमिका और पत्नी का रोल निभाया था, जो उनसे 22 साल छोटी हैं। सोनम कपूर ने सलमान के साथ सांवरिया से डेब्यू किया था और फिर प्रेम रतन धन पायो में उनकी लीडिंग लेडी बनीं। इन दोनों के बीच भी 20 साल अंतर है।

कमोबेश, 50 के पड़ाव पर पहुंच चुके या पार कर चुके ज़्यादातर एक्टर्स ऐसी एक्ट्रेसेज़ के साथ फ़िल्में कर रहे हैं, जो उनसे दो दशक बाद पैदा हुई हैं।

इसकी ताज़ा मिसाल अजय देवगन हैं, जो दे दे प्यार दे में रकुलप्रीत के साथ इश्क़ लड़ाते दिखे। रकुल और अजय के बीच लगभग 22 साल का फ़ासला है। हालांकि फ़िल्म में उनके बीच 24 साल का गैप दिखाया गया था। फ़िल्म की कहानी के अनुसार अजय ने अपनी रियल एज 50 साल प्ले की थी, जबकि रकुल का किरदार 26 साल का होता है। वैसे रियल लाइफ़ में रकुल 28 की हैं।

हालांकि सनी देओल ने इन सभी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सिंह साहब द ग्रेट में उन्होंने उर्वशी रौतेला के साथ रोमांस किया था, जो सनी देओल से 37 साल छोटी हैं। इसलिए दिशा को निराश होने की ज़रूरत नहीं है। सलमान के साथ फ़िल्म करने की संभावना बनी रहेगी।