रणबीर की ‘तमाशा’ इस साल रिलीज़ नहीं होगी

Tamaasha
मुंबई: रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोणे की फ़िल्म तमाशा इस साल रिलीज़ नहीं होगी। फ़िल्म को 2016 तक पोस्टपोन कर दिया गया है। इम्तियाज़ अली डायरेक्टिड फ़िल्म क्रिसमस पर रिलीज़ के लिए स्लेटिड थी।
तमाशा की रिलीज़ टालने के पीछे कई वजह बताई जा रही हैं। इनमें से एक है संजय लीला भंसाली की फ़िल्म बाजीराव मस्तानी, जो क्रिसमस पर रिलीज़ हो रही है। रणबीर ने अपना करियर भंसाली के साथ शुरू किया है, वहीं फ़िल्म की लीड एक्ट्रेस दीपिका हैं। अगर तमाशा बाजीराव मस्तानी के साथ रिलीज़ होती, तो दोनों को नुक़सान हो सकता था। बाजीराव मस्तानी का रास्ता साफ़ करके रणबीर ने भंसाली को गुरुदक्षिणा दे ही है, वहीं दीपिका को भी भागदौड़ से बचा लिया है।
दूसरी वजह है शाह रूख़ ख़ान की फ़िल्म, जिसे रोहित शेट्टी डायरेक्ट कर रहे हैं, जो अभी तक क्रिसमस रिलीज़ के लिए स्लेटिड है। इन दोनों की लास्ट फ़िल्म चेन्नई एक्सप्रेस हिंदी सिनेमा की सबसे क़ामयाब फ़िल्मों में शामिल है। ऐसे में शाह रूख़-रोहित से टकराना रणबीर के लिए समझदारी नहीं है।
तीसरी और सबसे अहम वजह है 2015 में रणबीर की फ़िल्मों का मेला। तमाशा को मिलाकर इस साल रणबीर की 4 फ़िल्में आ रही हैं- रॉय, बॉम्बे वेल्वेट, जग्गा जासूस। तमाशा इन सबके बाद रिलीज़ होने वाली थी। ऐसे में रॉय, बॉम्बे वेल्वेट या जग्गा जासूस की बॉक्स ऑफ़िस रिपोर्ट का असर तमाशा पर पड़ सकता था। वहीं रणबीर की ओवरडोज़ तमाशा के लिए लोगों का इंटरेस्ट कम कर सकती थी। ऐसे में तमाशा को हटाना ही समझदारी थी।
रणबीर और दीपिका की पिछली फ़िल्म यह जवानी है दीवानी ने बॉक्स ऑफ़िस पर 190 करोड़ जमा किए थे। तमाशा के ज़रिए रणबीर उसी क़ामयाबी को दोहराना चाहते हैं। लिहाज़ा इस फ़िल्म को सुरक्षित ढंग से रिलीज़ करना उनकी प्राथमिकता है।