AIB KNOCKOUT: रणवीर-दीपिका समेत 8 के ख़िलाफ़ एफआईआर

AIB knockout
मुंबई: एआईबी के विवादित यूट्यूब कॉमेडी शो मामले में करण जौहर, रणवीर सिंह, अर्जुन कपूर और दीपिका पादुकोणे के ख़िलाफ़ पुणे में एफआईआर दर्ज की गई है। यह एफआईआर पुणे के ही एक पुलिस इंस्पेक्टर वजीर हुसैन शेख की शिकायत पर दर्ज की गई है।
शिकायत में शेख ने कहा है कि इस शो में रणवीर सिंह ने सार्वजनिक रूप से दीपिका पादुकोणे को किस किया था और दीपिका ने भी उनको सहयोग किया। शेख ने कहा मुंबई के एक स्टेडियम में आयोजित इस शो के दौरान चार हजार लोग मौजूद थे और यह शो भारतीय संस्कृति के खिलाफ है। शेख ने कहा कि वह यह केस व्यक्तिगत तौर पर दायर कर रहे हैं।
रणवीर, अर्जुन, दीपिका और करण के अलावा एफआईआर में एआईबी के कॉमेडियन-अबिश मैथ्यू, तन्मय भट, अदिति मित्तल, सिमरन खाम्बा, आशीष शाक्य, रघु राम, रोहन जोशी और फिल्म समीक्षक राजीव मसंद के नाम भी शामिल हैं। महाराष्ट्र सरकार के संस्कृति मंत्री विनोद तावड़े और सीएम देवेंद्र फड़णवीस इस मामले को लेकर कार्रवाई की बात पहले ही कह चुके हैं।
विवाद बढ़ने के बाद एआईबी ने इस शो के वाडियोज़ यूट्यूब से हटा लिए थे। साथ ही उन्होंने इस सिलसिले में एक स्पष्टीकरण भी जारी किया था।