आयुष्मान खुराना की फ़िल्म Article 15 का ट्रेलर हुआ हिट, अब तक देख चुके हैं इतने करोड़ लोग

मनोज शर्मा, मुंबई। आयुष्मान खुराना ऐसी फ़िल्मों से जुड़े रहे हैं, जो मनोरंजन तो करती ही हैं, साथ समाज को एक ज़रूरी संदेश भी देती हैं। बॉक्स ऑफ़िस पर कामयाबी बोनस के रूप में मिल जाती है। विक्की डोनर, शुभ मंगल सावधान या फिर बधाई हो ऐसी ही फ़िल्में हैं, जिन्होंने मनोरंजन, सार्थकता और सफलता का कंप्लीट पैकेज दिया। एक बार फिर आयुष्मान एक बेहद ज़रूरी फ़िल्म के साथ बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं- Article 15।

आर्टिकल 15 उनकी पिछली फ़िल्मों से अलग है। यह एक हार्ड हिटिंग फ़िल्म है, जो समाज को बांटने वाली ख़तरनाक मानसिकता पर सीधी और तगड़ी चोट करती है। शायद यही वजह है कि आर्टिकल 15 का ट्रेलर ख़ूब देखा जा रहा है।

आर्टिकल 15 का ट्रेलर 29 मई को इंटरनेट पर रिलीज़ किया गया था और अब तक इसे 10 मिलियन यानि एक करोड़ से अधिक व्यूज़ मिल चुके हैं। आर्टिकल 15 को अनुभव सिन्हा ने डायरेक्ट किया है, जिनकी पिछली फ़िल्म मुल्क क्रिटिकली और कमर्शियली सक्सेसफुल रही थी। Article 15 के ज़रिए अनुभव उसी परम्परा को आगे बढ़ाते दिख रहे हैं, जिनमें फ़िल्मों का निर्माण एक ज़िम्मेदारी के तहत किया जाता है। आर्टिकल 15 इसी महीने 28 तारीख़ को सिनेमाघरों में पहुंचेगी।

फ़िल्म की कहानी उत्तर प्रदेश में हुई यौन दुष्कर्म की एक हिला देने वाली घटना पर आधारित है, जो आर्टिकल 15 की मूल भावना (समानता का अधिकार) की मौजूदा समाज में सार्थकता को टटोल रही है। फ़िल्म में आयुष्मान पहली बार आईपीएस अफ़सर के रोल में दिख रहे हैं तो शायोनी गुप्ता, कुमुद मिश्रा, मनोज पाहवा, मोहम्मद ज़ीशान अय्यूब और ईशा तलवार अहम भूमिकाओं में हैं।