शादी के बाद पहली बार रणवीर सिंह के साथ 83 में काम करेंगी दीपिका पादुकोण, निभाएंगी यह किरदार

एम वशिष्ठ, मुंबई। रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण शादी के बाद पहली बार पर्दे पर एक साथ आने वाले हैं और वो भी पति-पत्नी के किरदार में। कबीर ख़ान निर्देशित 83 में रणवीर जहां पूर्व क्रिकेटर कपिल देव का रोल निभा रहे हैं, वहीं दीपिका उनकी बेटर हाफ़ रोमी देव के रोल में दिखेंगी।

83 स्पोर्ट्स फ़िल्म है, जिसकी कहानी भारत की पहली क्रिकेट विश्व कप जीत पर आधारित है। 1983 में भारत ने कपिल देव की कप्तानी में अपना पहला विश्व कप जीता था। रणवीर ने दीपिका के फ़िल्म का हिस्सा बनने का एलान सोशल मीडिया के ज़रिए किया है। उन्होंने इसका श्रेय निर्देशक कबीर ख़ान को देते हुए लिखा है- पत्नी से बेहतर मेरी पत्नी का किरदार और कौन निभा सकता है। 83 फ़िल्म में दीपिका पादुकोण रोमी देव का किरदार निभा रही हैं। इस बेहतरीन कास्टिंग के ज़िम्मेदार कबीर ख़ान हैं।

83 की शूटिंग के लिए इस वक़्त पूरी टीम लंदन गयी हुई है। दीपिका ने हाल ही में अपनी फ़िल्म छपाक की शूटिंग पूरी की है, जो अगले साल जनवरी में रिलीज़ हो रही है। छपाक का निर्देशन मेघना गुलज़ार कर रही हैं। यह एसिड अटैक सर्वायवर लक्ष्मी अग्रवाल की कहानी है। दीपिका ने लक्ष्मी का किरदार निभाया है। वो इस फ़िल्म की निर्माता भी हैं।

83 में दीपिका के आने से रणवीर की बल्ले-बल्ले हो गयी है, जिसका अंदाज़ा इस मस्तीभरे वीडियो से लगाया जा सकता है। दीपिका, रणवीर के साथ बल्ले से मस्ती कर रही हैं और रणवीर ने लिखा है- रियल और रील लाइफ़ में मेरी कहानी।

दीपिका और रणवीर की पिछली फ़िल्म पद्मावत है, जो 2018 के जनवरी महीने में रिलीज़ हुई थी। इस फ़िल्म में दीपिका रानी पद्मावती के रोल में थीं, जबकि रणवीर सुल्तान अलाउद्दीन खिलजी के किरदार में नज़र आये थे। 83 में विश्व कप विजयी टीम के सदस्यों के किरदार में कबीर ख़ान ने ज़्यादातर कम लोकप्रिय चेहरों को ही लिया है। फ़िल्म अगले साल रिलीज़ हो रही है।