The Girl On The Train के रीमेक में परिणीति चोपड़ा, ऐसे जताई ख़ुशी

मुंबई। अक्षय कुमार की केसरी में नज़र आयीं परिणीति चोपड़ा अब एक हॉलीवुड फ़िल्म के हिंदी रीमेक में लीड रोल निभाने जा रही हैं। यह फ़िल्म है The Girl On The Train, जो हॉलीवुड की चर्चित थ्रिलर फ़िल्म है। इस फ़िल्म में परिणीति वही किरदार निभाएंगी जो एमिली ब्लंट ने निभाया था। 

रीमेक को रिभु दासगुप्ता निर्देशित कर रहे हैं, जबकि रिलायंस एंटरटेनमेंट इसे प्रोड्यूस करेगी। The Girl On The Train 2015 में आये नॉवल का एडेप्टेशन है। पॉल हॉकिंस द्वारा लिखे गये नॉवल की कहानी एक तलाकशुदा औरत राशेल के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी पहले वाली रिलेशनशिप को भूल नहीं पा रही। रोज़मर्रा की ट्रेन यात्रा के दौरान वो एक ऐसी लड़की के संपर्क में आती है, जो लापता हो जाती है। राेशल इसके बाद पुलिस को जांच करने के लिए समझाने की कोशिश करती है। द गर्ल ऑन द ट्रेन को टेट टेलर ने निर्देशित किया था। हिंदी रीमेक की शूटिंग जुलाई 2019 में शुरू होगी और सितम्बर में पूरी हो जाएगी। फ़िल्म की शूटिंग यूके में होगी। परिणीति ने इस फ़िल्म से जुड़ने पर ख़ुशी ज़ाहिर की है। 

Hopping onto this thrilling ride! Excited to be a part of #TheGirlOnTheTrain‘s official Hindi remake.@ribhudasgupta @RelianceEnt @amblin #DreamWorksPictures#TheGirlOnTheTrain pic.twitter.com/0cNNzbc3IL— Parineeti Chopra (@ParineetiChopra) April 24, 2019

बॉलीवुड में हॉलीवुड फ़िल्मों के रीमेक का सिलसिला तो पुराना है, मगर अब निर्माता ऐसी कहानियों पर फोकस कर रहे हैं, जिनमें थ्रिलर का तड़का लगा हो। ख़ासकर शाह रुख़ ख़ान निर्मित बदला की सफलता के बाद बॉलीवुड में ऐसी फ़िल्मों की बाढ़ आने की सम्भावना है। 

बदला, स्पेनिश फ़िल्म द इनविज़िबल गेस्ट का रीमेक है, जिसे सुजॉय घोष ने डायरेक्ट किया था। इस मर्डर मिस्ट्री में  अमिताभ बच्चन और तापसी पन्नू ने लीड रोल्स निभाये थे। फ़िल्म ने 85 करोड़ से अधिक का कारोबार किया है और बॉक्स ऑफ़िस पर इसे हिट घोषित किया गया है।