अप्रैल में शुरू होगी रणवीर-वाणी की फ़िल्म ‘बेफ़िक्रे’!

मुंबई: बेफ़िक्रे से आदित्य चोपड़ा निर्देशन में वापसी कर रहे हैं। इस फ़िल्म में रणवीर सिंह और वाणी कपूर लीड रोल्स में हैं। फ़िल्म की शूटिंग अगले महीने पेरिस में शुरू की जाएगी, और ये स्टार्ट टू फिनिश शेड्यूल होगा। रणवीर के पास इसके अलावा कोई फ़िल्म नहीं है।

रणवीर सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए कहा- सिर्फ़ बेफ़िक्रे है इस वक़्त। मिड अप्रैल में हमारी फ़िल्म की शूटिंग शुरू होगी। अप्रैल में हम चार महीने के लिए पेरिस जा रहे हैं। स्टार्ट-टू-फिनिश शेड्यूल है। पिक्चर ख़त्म करके वापस आ जाएंगे।

शाह रूख़ ख़ान के बाद रणवीर सिंह ही ऐसे एक्टर हैं, जिन्हें आदित्य चोपड़ा डायरेक्ट कर रहे हैं। अपने बैनर के लिए आदित्य ने अभी तक तीन फ़िल्में डायरेक्ट की हैं। डेब्यू फ़िल्म दिलवाले दुल्हनियां ले जाएंगे (1995), मोहब्बतें (2000) और रब ने बना दी जोड़ी (2008), तीनों फ़िल्मों में शाह रूख़ ने लीड रोल निभाए थे।

बेफ़िक्रे आदित्य की चौथी डायरेक्टोरियल फ़िल्म है। फ़िल्म इसी साल दिसंबर में रिलीज़ के लिए स्लेटिड है।