बंटवारे का दंश झेल चुके परिवारों ने Bharat के साथ देखी ‘भारत’, अपनी कहानी देख हुए इमोशनल

शायोनी गुप्ता, मुंबई। सलमान ख़ान की फ़िल्म भारत इस वक़्त सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जा रही है। फ़िल्म के लिए दर्शकों का उत्साह चाहे जैसा हो, मगर कुछ लोग ऐसे हैं, जिनके लिए भारत की स्क्रीनिंग एक जज़्बाती सफ़र बन गया। ये वो परिवार थे, जिन्होंने भारत की कहानी को कभी ख़ुद महसूस किया था।

मंगलवार को सलमान ख़ान ने फ़िल्म की स्क्रीनिंग कुछ ऐसे परिवारों के लिए आयोजित की, जो 1947 की घटनाओं के साक्षी रहे और देश विभाजन का दंश उन्होंने झेला था। बंटवारे के बाद वो पाकिस्तान से हिंदुस्तान आये थे। इतने सालों बाद अपनी आपबीती पर्दे पर देखकर ये बुजुर्ग इमोशनल हो गये। सलमान ख़ान और कटरीना ने इन सभी के साथ वक़्त बिताया। कटरीना ने इस मौक़े के कुछ वीडियो शेयर किये हैं और लिखा- भारत और मैडम सर ने उन परिवारों से मुलाक़ात की, जो 1947 के बंटवारे में विस्थापित हुए थे।

सलमान ख़ान ने भी एक तस्वीर शेयर करके लिखा है कि वो इन परिवारों से मिलकर सम्मानित महसूस कर रहे हैं। इन परिवारों को सलाम है। तस्वीर में सलमान को कुर्सी पर बैठीं एक बुजुर्ग महिला के पैरों के पास बैठे हुए देखा जा सकता है।

अली अब्बास ज़फ़र निर्देशित भारत में सलमान ने भारत नाम का किरदार निभाया है। कोरियन फ़िल्म ओडे टू माय फादर के इस रीमेक की कहानी को भारतीय परिप्रेक्ष्य में ढाला गया है। कहानी की पृष्ठभूमि में 1947 से लेकर 2010 तक की प्रमुख राजनीतिक घटनाएं दिखायी गयी हैं, जिनके साथ भारत किरदार के जीवन की यात्रा भी आगे बढ़ती है। कटरीना कैफ़, दिशा पाटनी, जैकी श्रॉफ, सुनील ग्रोवर और तब्बू अहम भूमिकाओं में हैं।