अनुष्का शर्मा की अगली फ़िल्म होगी एक बायोपिक; निभाएंगी इस महिला क्रिकेटर का किरदार

शायोनी गुप्ता, मुंबई: अनुष्का शर्मा भी इन दिनों क्रिकेट के मैदान में उतार चुकी हैं। हाल ही में बॉलीवुड की अभिनेत्री कोलकाता के ईडन गार्डन स्टेडीयम में भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी में नज़र आयीं। अनुष्का का ये क्रिकेटर वाला अन्दाज़ असल ज़िंदगी के लिए नहीं, बल्कि उनकी एक आने वाली फ़िल्म के लिए है। ये फ़िल्म एक बायोपिक है जिसमें भारतीय महिला क्रिकेटर झूलन गोस्वामी की ज़िंदगी पर आधारित है। कुछ वक़्त पहले इस फ़िल्म को शूटिंग शुरू हुई और उसी की तस्वीरें इस वक़्त सोशल मीडिया पर छाई हुई है। 

अनुष्का आख़री बार साल 2018 की फ़िल्म ज़ीरो में नज़र आयी थी। शाह रूख खान की इस फ़िल्म में उन्होंने एक वैज्ञानिक का किरदार निभाया था। झूलन गोस्वामी की बायोपिक के साथ अनुष्का एक साल के अंतराल के बाद बड़े पर्दे पर वापसी करेंगी। फ़िल्म की शूटिंग बीते दिनों उन्होंने कोलकाता में शुरू की। और जल्द ही इस फ़िल्म का एक टीज़र भी जारी किए जाने की ख़बर सामने आयी है।

झूलन गोस्वामी भारतीय क्रिकेट का अहम नाम है। वह एक हरफ़नमौला क्रिकेटर होने के साथ साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान भी रह चुकी हैं। 2018 में उन्होंने टी 20 क्रिकेट से सन्यास लिया था। 2007 में झूलन को ICC के सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।  

क्रिकेट का बड़े पर्दे से पुराना नाता रहा है। कभी असल जिंदगियों पर आधारित फ़िल्मों के ज़रिए तो कभी काल्पनिक कहानियों के ज़रिए, क्रिकेट का मैदान अक्सर बॉलीवुड फ़िल्मों का हिस्सा बनता रहा है। भारतीय क्रिकेटरों के इर्द गिर्द घूमती कुछ फ़िल्में बनायी जा चुकी हैं जिनमें सबसे प्रमुख रहा है एमएस धोनी; द अंटोल्ड स्टोरी। 2016 में रिलीज़ हुई इस फ़िल्म में सुशांत सिंह राजपूत ने भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के किरदार को निभाया था। नीरज पांडे निर्देशित इस बायोपिक को दर्शकों का ढेर सारा प्यार भी मिला था। इस साल कबीर खान अपनी फ़िल्म ’83 लेकर आ रहे हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के पहले विश्व कप की विजयगाथा पर आधारित इस फ़िल्म में रणवीर सिंह कपिल देव की भूमिका में होंगे। वहीं साकीब सलीम, तहिर राज भसीन और पंकज त्रिपाठी जैसे अभिनेता भी ’83 में अहम किरदार निभा रहे हैं। फ़िल्म इस साल अप्रैल में रिलीज़ होने वाली है। हालांकि झूलन गोस्वामी की ये बायोपिक ऐसी पहली फ़िल्म होगी जो भारतीय महिला क्रिकेटर की ज़िंदगी पर आधारित होगी।

आने वाले वक़्त में महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मितालि राज की बायोपिक भी रिलीज़ होने वाली है। इस फ़िल्म में तापसी पन्नु मितालि के किरदार को निभाती दिखेंगी।