मुंबई। Qurbani Propaganda Film: आदित्य धर की फिल्म धुरंधर द रिवेंज जब से रिलीज हुई है, लगातार आलोचकों के निशाने पर है। फिल्म में दिखाये गये कुछ दृश्यों के कारण सोशल मीडिया यूजर्स इसे बीजेपी सरकार के पक्ष में प्रोपेगेंडा फिल्म बता रहे हैं। ऐसे आरोपों पर मेकर्स की ओर से कोई सफाई नहीं आई है। अलबत्ता, सोशल मीडिया में यह बहुत जोरों पर है।
अब, केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने प्रोपेगेंडा फिल्मों को लेकर चल रही बहस में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई है। उन्होंने एक्स पर फिरोज खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म कुर्बानी का एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें संजय गांधी के निधन पर श्रद्धांजलि दी गई है। वीडियो में संजय और इंदिरा गांधी के दृश्य हैं।
इस वीडियो के साथ किरन रिजिजू ने लिखा- जब यह फिल्म बनाई गई थी और ब्लॉकबस्टर हो गई तो क्या किसी ने इसे प्रोपेगेंडा फिल्म कहा था? ईको-सिस्टम आजकल भारत की सफलता का हर तरह से मजाक उड़ाने के लिए ओवरटाइम कर रहा है।
यह भी पढ़ें: Dhurandhar 2 Box Office Day 10: ‘धुरंधर 2’ का धुआंधार सफर जारी, 800 करोड़ की दहलीज पर हमजा अली मजारी!
यूजर्स ने किरन रिजिजू के दावे पर उठाया सवाल
किरन रिजिजू की इस पोस्ट में कहीं भी धुरंधर 2 का नाम नहीं लिया है, मगर प्रोपेगेंडा फिल्मों को लेकर सोशल मीडिया में जो बहसबाजी चल रही है, उसे देखते हुए माना जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री का इशारा उसी ओर है।
कई यूजर्स ने उनकी इस पोस्ट पर हैरानी जताते हुए कमेंट किये हैं। एक यूजर ने लिखा कि यह फिल्म का हिस्सा नहीं था। फिल्म शुरू होने से पहले ट्रिब्यूट दिया गया होगा। यह फिक्शनल कहानी का हिस्सा नहीं था।

कुर्बानी की रिलीज के 3 दिन बाद हुआ था संजय गांधी का निधन
20 जून 1980 को रिलीज हुई कुर्बानी के निर्माता-निर्देशक फिरोज खान थे। उन्होंने विनोद खन्ना के साथ फिल्म में लीड रोल निभाया था, जो कई साल बाद बीजेपी के सांसद बने। जीनत अमान फिल्म की मुख्य अभिनेत्री थीं। कुर्बानी 1980 की हाइएस्ट ग्रॉसिंग फिल्म थी। इसके गाने बेहद लोकप्रिय हुए थे।
यह मूल रूप से क्राइम एक्शन थ्रिलर थी, जिसमें फिरोज खान ने सर्कस के पूर्व मोटरसाइकिल स्टंटमैन राजेश का रोल निभाया था, जो बाद में चोर बन जाता है। अमजद खान पुलिस अफसर के रोल में थे, जो राजेश के पीछे पड़ा है। विनोद खन्ना भी फिल्म में अपराधी के किरदार में थे।
यहां दिलचस्प तथ्य यह है कि कुर्बानी 20 जून 1980 को रिलीज हुई थी, जबकि संजय गांधी का निधन 23 जून 1980 को दिल्ली में एक प्लेन हादसे में हुआ था, यानी फिल्म की रिलीज के तीन दिन बाद। जाहिर है कि ओरिजिनल प्रिंट्स में श्रद्धांजलि देने की क्लिप नहीं होगी, इसे बाद में जोड़ा गया होगा।

