मुंबई: ‘जॉली एलएलबी’ फिल्म के डायरेक्टर सुभाष कपूर को गीतिका त्यागी छेड़छाड़ मामले में गिरफ्तार करने की ख़बरें सोमवार को मीडिया में छाई रहीं, जिसको लेकर काफी ड्रामा हुआ। गीतिका ने उन पर इसी साल फरवरी में सेक्सुअल हेरासमेंट का आरोप लगाया था। सोमवार को सुभाष कपूर को पुलिस ने गिरफ़्तार कर कोर्ट में पेश किया। अदालत से सुभाष को उसी दिन जमानत मिल गई।
सुभाष कपूर की गिरफ़्तारी की ख़बर गातिका त्यागी के ट्वीट्स के बाद फैली। गीतिका ने दिन में ट्वीट किया था, कि सुभाष कपूर गिरफ़्तार हो गए हैं, और उन्हें इंडियन ज्यूडिशियल सिस्टम में पूरा भरोसा है।
सुभाष कपूर की गिरफ़्तारी और ज्यूडिशियल कस्टडी की ख़बर मीडिया में जब फैलीं, तो सुभाष ने ट्वीटर पर इन ख़बरों को ग़लत बताया। उन्होंने लिखा- मुझे ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजे जाने की ख़बर ग़लत है। अफ़वाह फैलाने के लिए उस मीडिया हाउस के ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्रवाई करने के लिए अपने लॉयर्स से सलाह-मशविरा कर रहा हूं।
दरअसल, गीतिका त्यागी के ट्वीट के बाद एक चैनल ने ये ख़बर चलाई, कि मुंबई की वर्सोवा पुलिस ने सुभाष कपूर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जिसके बाद उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। सुभाष कपूर की गिरफ्तारी आईपीईसी की धारा 354 के तहत की गई है, जबकि उन्हें गिरफ़्तारी के बाद ज़मानत मिल गई थी। सुभाष कपूर ने ये भी कहा है, कि वो इस वक़्त गुड्डू रंगीला के लास्ट शेड्यूल की शूटिंग कर रहे हैं।
आपको बता दें, कि गीतिका ने यू-ट्यूब पर 17 फरवरी, 2014 को ‘सुभाष कपूर का असली चेहरा’ (Subhash Kapoor’s Trure Face) के नाम से एक वीडियो भी अपलोड किया था, जिसमें डायरेक्टर सुभाष कपूर की पत्नी की मौजूदगी में गीतिका और उनके दोस्त डायरेक्टर अतुल सभरवाल (औरंगज़ेब) इस मसले पर बातचीत कर रहे हैं। वीडियो में सुभाष की पत्नी काफी इमोशनल दिख रही हैं। इसी बात-चीत के दौरान गीतिका सुभाष को थप्पड़ भी मारती हैं।
[youtube url=”video_https://www.youtube.com/watch?v=JMuYJkzocc0″ width=”300″ height=”315″]