मुंबई। 120 Bahadur Teaser: एक्सेल एंटरटेनमेंट की वॉर फिल्म 120 बहादुर का टीजर मंगलवार को जारी कर दिया गया। यह 1962 के भारत और चीन के बीड़ हुई जंग से निकली कहानी है, जिसमें परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिंह के अदम्य साहस और पराक्रम को दिखाया गया है।
क्या है 120 बहादुर की कहानी?
1959 के तिब्बत विद्रोह के बाद जब भारत ने दलाई लामा को शरण दी थी, उसके बाद से भारत और चीन के बीच नॉर्थ-ईस्ट फ्रंटियर बॉर्डर पर निरंतर संघर्ष जारी था। चीन के सैनिकों की भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ की कोशिशें भारतीय जांबाजों के साथ झड़प में बदल जाती थीं।
ऐसी ही एक लड़ाई 1962 में अक्टूबर से नवम्बर तक चली, जिसमें रेजांग ला की लड़ाई के दौरान मेजर शैतान सिंह ने दुश्मनों के छक्के छुड़ा दिये थे। हालांकि, इस जंग में वो खेत रहे। इस बेहद मुश्किल जंग में लिर्फ 120 भारतीय लड़ाकों ने 3000 चीनी सैनिकों को कई दिनों तक रोककर रखा था।
टीजर की शुरुआत इसी सवाल के साथ होती है- रेजांग ला में 18 नवम्बर को क्या हुआ था? यह वही तारीख है, जब मेजर शैतान सिंह शहीद हुए थे। टीजर फिल्म के मिजाज को पूरी तरह से सेट करता है और बैकग्राउंड संगीत इसे ज्यादा असरदार बनाता है। फरहान अख्तर फिल्म में मेजर शैतान सिंह के किरदार में हैं।
यह भी पढ़ें: 120 Bahadur: 1962 के भारत-चीन युद्ध की अनकही कहानी लेकर आ रहे फरहान अख्तर, मोशन पोस्टर जारी
कब रिलीज होगी फिल्म?
फिल्म में राशि खन्ना मेहमान भूमिका में हैं। स्पर्श वालिया इससे डेब्यू कर रहे हैं। सहयोगी कलाकारों में अंजिक्य देव, एजाज खान, विवियन भाटेना, अंकित सिवाच, आशुतोष शुक्ला आदि नजर आएंगे। रजनीश राजी घई निर्देशित फिल्म 21 नवम्बर को रिलीज होगी।

कौन थे मेजर शैतान सिंह भाटी?
राजस्थान के राजपूत परिवार में जन्मे मेजर शैतान सिंह भाटी के पिता हेम सिंह फौज में लेफ्टिनेंट कर्नल थे। उन्होंने प्रथम विश्व युद्ध के दौरान फ्रांस में भारतीय सेना की नुमाइंदगी की थी। उन्हें ब्रिटिश सरकार ने ऑर्डर ऑफ द ब्रिटिश एम्पायर सम्मान से नवाजा था। मेजर शैतान सिंह ने जोधपुर स्टेट में ऑफिसर के पद पर ज्वाइन किया था। जोधपुर स्टेट का भारत में विलय होने के बाद उनका ट्रांसफर कुमायूं रेजीमेंट में कर दिया गया था।