120 Bahadur Trailer: फरहान अख्तर की फिल्म का ट्रेलर देखकर बोले सलमान खान- यह कहानी हर इंडियन के दिल में उतरेगी

Salman Khan impresses with 120 Bahadur. Photo- X

मुंबई। 120 Bahadur Trailer: हिंदी सिनेमा के दिग्गज लेखक जावेद अख्तर के बेटे फरहान अख्तर मल्टीटैलेंटेड फिल्ममेकर हैं। वो एक्टर हैं, सिंगर हैं, डायरेक्टर हैं, राइटर हैं और प्रोड्यूसर भी हैं। पर्दे के पीछे ये सभी किरदार निभाते रहे फरहान अब पर्दे पर नये किरदार में नजर आएंगे।

सालों पहले लक्ष्य जैसी फिल्म का निर्देशन करने वाले फरहान ने अब खुद आर्मी की यूनिफॉर्म पहन ली है और ऐसे जांबाज की कहानी लेकर आ रहे हैं, जिसकी वीरगाथा ने पड़ोसी मुल्क चीन के हौसले पस्त कर दिये थे। फरहान की फिल्म का शीर्षक है 120 बहादुर और वो खुद फिल्म में मेजर शैतान सिंह के किरदार में हैं।

सलमान खान ने शेयर किया ट्रेलर

फिल्म का ट्रेलर गुरुवार को रिलीज कर दिया गया, जिसे काफी पसंद किया जा रहा है। यहां तक कि सलमान खान ने ट्रेलर शेयर करके फरहान को बधाई दी। गौरतलब है कि सलमान के पिता सलीम खान और फरहान के पिता जावेद अख्तर की जोड़ी सलीम-जावेद ने हिंदी सिनेमा को कई आइकॉनिक फिल्में दी हैं।

सलमान ने लिखा- बहुत कमाल ट्रेलर है। फरहान और पूरी टीम को बधाई। यह कहानी हर इंडियन के दिल में उतरेगी।

यह भी पढ़ें: 120 Bahadur Teaser: भारतीय जांबाजों के अदम्य साहस की कहानी है ‘120 बहादुर’, फरहान अख्तर बने मेजर शैतान सिंह

सलमान खुद भारत और चीन के बीच गलवान घाटी में हुई झड़प पर बन रही फिल्म बैटल ऑफ गलवान कर रहे हैं, जिसके निर्देशक अपूर्व लखिया हैं।

क्या है 120 बहादुर की कहानी?

120 बहादुर पीरियड वॉर फिल्म है, जिसकी कहानी 1962 के भारत-चीन युद्ध से प्रेरित है, जो 18 नवम्बर 1962 को लड़ा गया था। इसे बैटल ऑफ लेजांग ला के नाम से जाना जाता है। सिर्फ भारत के सिर्फ 120 सैनिकों ने चीन के 3000 से ज्यादा सैनिकों का सामना किया था।

16000 फुट की ऊंचाई पर लड़े गये इस भीषण युद्ध में भारतीय जांबाजों ने 1400 चीनी सैनिक मार गिराये थे। मेजर शैतान सिंह ने इस युद्ध में सैनिकों का नेतृत्व किया था और वो इसमें शहीद हुए। उन्हें मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था।

कब रिलीज होगी फिल्म?

120 बहादुर का निर्देशन रजनीश घई ने किया है, जो इससे पहले कंगना रनौत के साथ धाकड़ बना चुके हैं। राजीव जी मेनन लिखित फिल्म को फरहान की कम्पनी ने प्रोड्यूस किया है। 120 बहादुर 21 नवम्बर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।