मुंबई। Fresh Pairs in Upcoming Movies: सिनेमा में कहानियों का जितना महत्व है, उससे कम किरदारों की अहमियत नहीं होती। कहानी और किरदारों के बीच समन्वय बैठ जाए तो फिल्म फिल्म को चलने से कोई नहीं रोक सकता। मेकर्स फिल्मों में ताजगी लाने के लिए नई-नई जोड़ियों के साथ प्रयोग करते रहते हैं।
आने वाली कई फिल्मों में दर्शकों को फ्रेश पेयरिंग देखने को मिलेंगी। सालों से काम कर रहे ये कलाकार पहली बार पर्दे पर साथ दिखेंगे तो कुछ में उभरते हुए कलाकार पहली बार नजर आएंगे। आइए, आपको ऐसी ही 17 जोड़ियों से मिलवाते हैं, जो सिल्वर स्क्रीन पर फ्रेशनेस लेकर आएंगी।
1. अदिवी शेष और मृणाल ठाकुर – Dacoit: A Love Story
10 अप्रैल को रिलीज हो रही डकैत- एक प्रेम कथा में अदिवी शेष और मृणाल ठाकुर पहली बार साथ नजर आएंगे। शनील देव ने इसे डायरेक्ट किया है। फिल्म में लव, रिवेंज और धमाकेदार एक्शन का तड़का है। इस फिल्म में अनुराग कश्यप भी हैं। डकैत तेलुगु फिल्म है, जो हिंदी में भी शूट की गई है।
यह भी पढ़ें: April OTT Releases: ‘सितारे जमीन पर’ और ‘मामला लीगल है सीजन 2’ समेत अप्रैल में ओटीटी पर आ रहीं ये फिल्में और सीरीज
2. अक्षय कुमार और वामिका गब्बी
अक्षय कुमार अक्सर अपनी फिल्मों में हीरोइन बदलते रहे हैं और इस बार खिलाड़ी ने भूत बंगला में वामिका गब्बी के साथ जोड़ी बनाई है। प्रियदर्शन ने डायरेक्ट किया है। ये हॉरर-कॉमेडी है- एक हॉन्टेड मकान की मिस्ट्री और मजेदार डरावनी कहानी। फिल्म 16 अप्रैल को रात 9 बजे पेड प्रीव्यूज के साथ रिलीज होगी।
3. अविनाश तिवारी और मेधा शंकर
गिन्नी वेड्स सनी 2 में अविनाश तिवारी और मेधा शंकर की जोड़ी पहली बार दिखेगी। प्रशांत झा ने इसे डायरेक्ट और लिखा है। फिल्म में रोजमर्रा की ज़िंदगी के छोटे-छोटे पलों में प्यार बसा है, साथ में मजेदार सरप्राइज भी हैं। 24 अप्रैल 2026 को थिएटर में आ रही है।
4. जुनैद खान और साई पल्लवी
तमिल और तेलुगु सिनेमा की जानी-मानी एक्ट्रेस साई पल्लवी एक दिन फिल्म के साथ हिंदी सिनेमा में डेब्यू कर रही हैं, जो एक मई को रिलीज होगी। इस फिल्म में साई आमिर खान के बेटे जुनैद खान के साथ पेयर अप हुई हैं। आमिर खान प्रोडक्शंस की इस फिल्म का निर्देशन सुनील पांडेय ने किया है। ये रोमांटिक ड्रामा है, जो थाई फिल्म का रीमेक है।
5. आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, वामिका गब्बी
मुदस्सर अजीज निर्देशित पति पत्नी और वो दो में आयुष्मान खुराना, सारा अली खान और वामिका गब्बी साथ आ रहे हैं। फिल्म में रकुल प्रीत भी हैं। आयुष्मान सारा और वामिका के साथ पहली बार पर्दे पर दिखेंगे, जबकि रकुल के साथ डॉक्टर जी कर चुके हैं। ये रोमांटिक कॉमेडी है, जो 15 मई को रिलीज होगी।

6. शरवरी वाघ और वेदांग रैना
इम्तियाज अली निर्देशित मैं वापस आऊंगा फिल्म में वेदांग रैना और शरवरी की जोड़ी पहली बार दिखेगी। फिल्म में दिलजीत दोसांझ भी हैं। संगीत एआर रहमान ने दिया है। यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

7. अनन्या पांडे और लक्ष्य लालवानी
धर्मा प्रोडक्शंस की फिल्म चांद मेरा दिल में अनन्या पांडेय और लक्ष्य पहली बार साथ आ रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन विवेक सोनी ने किया है। यह इंटेंस लव स्टोरी फिल्म 22 मई को रिलीज होगी।
8. रणबीर कपूर और साई पल्लवी
रामायण इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्म है। नितेश तिवारी निर्देशित फिल्म में रणबीर कपूर और साई पल्लवी सीता के रोल में हैं। ये दोनों सितारे पहली बार पर्दे पर साथ दिखेंगे। साई की यह दूसरी हिंदी फिल्म होगी।

9. आकांक्षा शर्मा और अमन इंद्रा कुमार
तेरा यार हूं फिल्म से इंद्र कुमार के बेटे अमन इंद्र कुमार डेब्यू कर रहे हैं। उनके साथ आकांक्षा शर्मा फीमेल लीड रोल में हैं। इस फिल्म का निर्देशन मिलन मिलाप जवेरी ने किया है। यह फिल्म 22 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

10. शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना
होमी अदजानिया निर्देशित रोमांटिक कॉमेडी कॉकटेल 2 में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में हैं। कृति और शाहिद, तेरी बातों में ऐसी उलझा जिया फिल्म में साथ काम कर चुके हैं। रश्मिका के साथ शाहिद पहली बार पर्दे पर दिखेंगे। यह मॉडर्न रिलेशनशिप स्टोरी है। फिल्म 19 जून को थिएटर्स में आएगी।
11. वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े
है जवानी तो इश्क होना है फिल्म का निर्देशन डेविड धवन ने किया है। इस फिल्म में वरुण धवन, पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर पहली बार साथ आ रहे हैं। फिल्म की सम्भावित रिलीज डेट 12 जून है।

12. सलमान खान और चित्रांगदा सिंह
मातृभूमि फिल्म में सलमान खान एक आर्मी अफसर के रोल में हैं और उनके पत्नी के किरदार में चित्रांगदा सिंह हैं, जो पहली बार सलमान के साथ पर्दे पर नजर आएंगी। गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ लड़ाई की इस कहानी का निर्देशन अपूर्व लखिया ने किया है। फिल्म की सम्भावित रिलीज डेट अगस्त में है।
13. अनीत पड्डा और विशाल जेठवा
2025 की फिल्म सैयारा से रातोंरात स्टार बनीं अनीत पड्डा की अगली फिल्म शक्ति शालिनी है, जो मैडॉक फिल्म्स के हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स की अगली फिल्म है। इस अंडर प्रोडक्शन फिल्म का निर्देशन आदित्य सरपोतदार कर रहे हैं। फिल्म में अनीत पहली बार विशाल जेठवा के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी। विशाल की पिछली रिलीज होमबाउंड है, जिसे काफी सराहना मिली।
14. सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना
सिद्धार्थ मल्होत्रा एकता कपूर निर्मित वन फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट फिल्म में पहली बार तमन्ना के साथ पर्दे पर दिखेंगे। यह फिल्म 28 अगस्त को रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन पंचायत फेम दीपक मिश्रा कर रहे हैं। यह लोककथा से प्रेरित सुपरनेचुरल थ्रिलर फिल्म है।

15. इमरान हाशमी और दिशा पाटनी
इमरान हाशमी के फैंस उनकी अगली फिल्म आवारापन 2 का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म में इमरान पहली बार दिशा पाटनी के साथ बड़े पर्दे पर रोमांस करेंगे। फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ कर रहे हैं, जबकि निर्माता विशेष फिल्म्स है। पहले फिल्म 3 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी। नई रिलीज डेट की घोषणा नहीं की गई है।
16. कार्तिक आर्यन और प्रीति मुकुंदन
धर्मा प्रोडक्शंस की सुपरनेचुरल कॉमेडी थ्रिलर फिल्म नागजिला में कार्तिक आर्यन लीड रोल में हैं। इस फिल्म में उनके साथ साउथ फिल्मों की एक्ट्रेस प्रीति मुकुंदन नजर आएंगी, जो हिंदी सिनेमा में इस फिल्म से डेब्यू कर रही हैं। मृगदीप सिंह लाम्बा निर्देशित फिल्म में कार्तिक इच्छाधारी नाग बने हैं। फिल्म इसी साल रिलीज होगी।

17. राजकुमार राव और कीर्ति सुरेश
रफ्तार में राजकुमार राव और कीर्ति सुरेश पहली बार साथ आ रहे हैं। आदित्य निंबलकर फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं। इस फिल्म की सम्भावित रिलीज 24 जुलाई है।

