Tezaab में लीड रोल निभाने वाले थे Aditya Pancholi, इस एक्टर ने बड़े भाई के साथ मिलकर कर दी साजिश!

Adtiya Pancholi takes a dig at Anil Kapoor for Tezaab. Photo- X

मुंबई। Adtiya Pancholi Vs Anil Kapoor: 1988 में आई एन चंद्रा निर्देशित तेजाब हिंदी सिनेमा की आइकॉनिक फिल्मों में शामिल है, वहीं अनिल कपूर के करियर सबसे बड़ी सफलताओं में से भी एक है। इस फिल्म ने अनिल कपूर को बॉलीवुड में एंग्री यंग मैन के रूप में स्थापित करने में मदद की थी, जो खिताब अमिताभ बच्चन ने शुरू किया था।

अब आदित्य पंचोली ने एक बड़ा खुलासा किया है, जिसके मुताबिक इस किरदार के लिए ओरिजिनल च्वाइस आदित्य थे, मगर एक साजिश के तहत उन्हें बाहर कर दिया गया। अदित्य की एक्स पर लिखी पोस्ट के बाद सोशल मीडिया में बहस छिड़ गई है।

क्या है आदित्य की पोस्ट?

सोमवार को आदित्य पंचोली के एक्स हैंडल से पोस्ट लिखी गई, जिसमें कहा गया- तेजाब (1988) के लिए माधुरी दीक्षित के अपोजिट मैं पहली च्वाइस था। निर्देशक एन चंद्रा, अभी यहीं हैं, जो इसकी पुष्टि कर सकते हैं।

दुर्भाग्यवश, एक एक्टर ने अपने बड़े भाई (जो इंडस्ट्री में काफी सक्रिय रहते हैं) के जरिए निर्देशक पर दबाव बनाया और मुझे रिप्लेस कर दिया। बाकी इतिहास है। हाल ही में, मैंने एक एक्टर को अपनी फिल्म के प्रमोशन के दौरान नेपोटिज्म के बारे में बात करते देखा।

मैं यह साफ तौर पर कहता हूं-

फिल्म इंडस्ट्री में नेपोटिज्म से ज्यादा गहरी जड़ें राजनीति, पक्षपात, मैनिपुलेशन और पॉवर गेम की हैं, जो किसी के करियर को परिवारवाद से ज्यादा प्रभावित करती हैं।

यह भी पढ़ें: Mardaani 3: भारतीय पुलिस बल को समर्पित है मर्दानी फ्रेंचाइजी, रानी मुखर्जी ने खाकी को किया सलाम

आदित्य ने अपनी पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया है, मगर यह समझना रॉकेट साइंस नहीं है कि आदित्य यहां अनिल कपूर की बात कर रहे हैं, जो तेजाब में माधुरी दीक्षित के अपोजिट लीड स्टार कास्ट थे, जिनके बड़े भाई बोनी कपूर हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने निर्माता हैं।

1985 में आदित्य ने किया था डेब्यू

आदित्य पंचोली ने अपना अभिनय करियर 1985 में आई टेलीफिल्म शहादत से शुरू किया था। 1986 में आई सस्ती दुल्हन महंगा दूल्हा उनकी पहली फिल्म थी, जो सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिरोज खान निर्देशित और अभिनीत दयावान में वो पुलिस अधिकारी के रोल में नजर आये थे। इस फिल्म में विनोद खन्ना और माधुरी दीक्षित मुख्य भूमिकाओं में थे।

आदित्य को तेजाब में माधुरी के साथ काम करने का मौका नहीं मिला, मगर 1990 में आई सैलाब में उन्होंने माधुरी के अपोजिट लीड रोल निभाया था।

फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखते हैं आदित्य

आदित्य पंचोली का फिल्म इंडस्ट्री से गहरा रिश्ता रहा है। वो 40-50 के दौर में सक्रिय फिल्ममेकर दलसुख पंचोली के छोटे भाई राजन पंचोली के बेटे हैं। उनके परिवार को पहली पंजाबी फिल्म रिलीज करने का क्रेडिट जाता है। विभाजन से पहले उनका प्रोडक्शन हाउस पंचोली आर्ट्स लाहौर का सबसे बड़ा प्रोडक्शन हाउस था।