मुंबई। Ahaan Panday Debut: बॉलीवुड में शुक्रवार सबसे खास दिन होता है। शुक्रवार ही तो है, जो किसी सितारे की चमक तय करता है। कल के शुक्रवार को एक नये सितारे का उदय होने वाला है। अहान पांडेय, जिन्हें बॉलीवुड के आसमान में लॉन्च करने की जिम्मेदारी यशराज फिल्म्स ने उठाई है।
अहान की डेब्यू फिल्म सैयारा 18 जुलाई को सिनेमाघरों में पहुंचेगी और इसी के साथ स्टार किड्स की लिस्ट में एक और नाम जुड़ जाएगा। मगर, क्या यह नाम ऐसा होगा, जो बॉक्स ऑफिस पर इतिहास लिखेगा या कई अन्य स्टार किड्स की तरह एक रात का तारा बनकर रह जाएगा।
पिछले 10 सालों में कई स्टार किड्स ने बॉलीवुड में डेब्यू किया, मगर कुछ को ही पहली फिल्म में सफलता मिली और आज भी यह संघर्ष कर रहे हैं। इस रिपोर्ट में हम यह जानने की कोशिश करेंगे कि अहान की डेब्यू फिल्म सैयारा को लेकर ट्रेड का क्या रुख है? आगे बढ़ने से पहले अहान के बारे में कुछ बातें।
कौन हैं अहान पांडेय?
अहान पांडेय अस्सी और नब्बे के दौर के चर्चित कलाकार चंकी पांडेय के भतीजे हैं, जो इन दिनों आखिरी पास्ता के नाम से अधिक जाने जाते हैं। इस लिहाज से अनन्या पांडेय, अहान की कजिन हैं। अहान के पिता चिक्की पांडेय हैं, जो एक बिजनेसमैन हैं। एलाना पांडेय उनकी बहन हैं, जो जानी-मानी यू-ट्यूबर हैं।
अहान को फिल्मों में लॉन्च करने का बीड़ा खुद यशराज फिल्म्स के सर्वेसर्वा आदित्य चोपड़ा ने उठाया। उन्हें अपनी सरपरस्ती में लिया और ट्रेनिंग चालू की। कैमरे का सामना करने से पहले अहान को कैमरे के पीछे मुकम्मल ट्रेनिंग दी गई।
यशराज फिल्म्स की पहली वेब सीरीज द रेलवेमेन में अहान ने एक असिस्टेंट के तौर पर काम किया और फिल्म कारोबार की बारीकियां सीखीं। अहान का परिचय यशराज फिल्म्स की वेबसाइट पर दिया गया है, जिसमें लिखा है कि आदित्य ने उन्हें निजी तौर पर निखारा है। उन्हें यकीन है कि अहान आने वाले समय के बड़े सितारे हैं।
यह भी पढ़ें: Saiyaara Advance Booking: क्यों अमन देवगन और जुनैद खान को पीछे छोड़ सकते हैं अहान पांडेय? पढ़ें ये रिपोर्ट
कौन हैं अनीत पड्डा?
अनीत पड्डा उभरती हुई अभिनेत्री हैं और कैमरे का सामना करने के मामले में अहान की सीनियर हैं। अनीत पहली बार काजोल की फिल्म सलाम वेंकी में नजर आई थीं, जिसमें उन्होंने काजोल के बेटे बने विशाल जेठवा की गर्लफ्रेंड का रोल निभाया था।
मगर, उनके अभिनय को पहचान मिली वेब सीरीज बिग गर्ल्स डोंट क्राई से। यह सीरीज 2024 में रिलीज हुई थी। अनीत के किरदार का नाम रूही था। इस सीरीज में पूजा भट्ट, रायमा सेन और जोया हुसैन जैसे सक्षम कलाकार भी थे।
अनीत के लिए सैयारा बहुत बड़ा ब्रेक है। इस फिल्म की सफलता उनके लिए बॉलीवुड के दरवाजे खोल देगी। अनीत ने अपने जज्बात एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखे हैं, जिसमें उन्होंने निर्देशक मोहित सूरी और निर्माता आदित्य चोपड़ा का शुक्रिया अदा किया है।
यह भी पढ़ें: क्या अहान पांडेय और अनीत पड्डा के लिए ‘आशिकी’ साबित होगी Saiyaara? महेश भट्ट ने बताई दिल की बात

कितने स्टार किड पास, कितने फेल?
2015 से 2025 के पिछले हफ्ते तक कम से कम बीस स्टार किड्स ने बॉलीवुड में कदम रखा है। इनमें शाह रुख खान, आमिर खान, सुनील शेट्टी, श्रीदेवी जैसे बड़े सितारों के बच्चे भी शामिल हैं।
इनमें कुछ ऐसे भी हैं, जिन्होंने ओटीटी से अभिनय की पारी शुरू की। ऐसे स्टार किड्स में सुहाना खान (आर्चीज), खुशी कपूर (आर्चीज), अगस्त्य नंदा (आर्चीज), अवंतिका दसानी (मिथ्या वेब सीरीज), जुनैद खान (महाराज), इब्राहिम अली खान (नादानियां) शामिल हैं।
जिन्होंने बड़े पर्दे से सफर शुरू किया और पहली फिल्म सफल रही, उनमें अनन्या पांडेय (स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2), जाह्नवी कपूर (धड़क) और सारा अली खान (केदारनाथ) शामिल हैं। बाकी स्टार किड्स पहली फिल्म से कोई असर नहीं छोड़ सके।
जुनैद खान और खुशी कपूर ने ओटीटी से डेब्यू किया, मगर बड़े पर्दे पर उनकी फिल्म लवयापा इसी साल आई, जो बुरी तरह फ्लॉप रही।
- अथिया शेट्टी (सुनील शेट्टी की बेटी)- हीरो (2015)
- अभिमन्यु दसानी (भाग्यश्री के बेटे)- मर्द को दर्द नहीं होता (2018)
- ईशान खट्टर (नीलिमा अजीम के बेटे, शाहिद के सौतेले भाई)- बियॉन्ड द क्लाउड्स (2018)
- जाह्नवी कपूर (श्रीदेवी-बोनी कपूर की बेटी)- धड़क (2018)
- सारा अली खान (सैफ-अमृता की बेटी)- केदारनाथ (2018)
- अहान की कजिन अनन्या पांडेय (चंकी पांडेय की बेटी)- स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2 (2019)
- करण देओल (सनी देओल के बेटे)- पल पल दिल के पास (2019)
- प्रनूतन बहल (मोहनीश बहल की बेटी)- नोटबुक (2019)
- अहान शेट्टी (सुनील शेट्टी के बेटे)- तड़प (2021)
- अवंतिका दसानी (भाग्यश्री की बेटी)- मिथ्या वेब सीरीज (2022)
- राजवीर देओल (सनी देओल के छोटे बेटे)- दोनों (2023)
- पलोमा ढिल्लों (पूनम ढिल्लों की बेटी)- दोनों (2023)
- अगस्त्य नंदा (अमिताभ बच्चन के नाती)- दआर्चीज (2023)
- सुहाना खान (शाह रुख खान की बेटी)- द आर्चीज (2023)
- खुशी कपूर (श्रीदेवी-बोनी कपूर की बेटी)- द आर्चीज (2023)
- अलीजेह अग्निहोत्री (अपूर्व अग्निहोत्री की बेटी, सलमान खान की भांजी)- फर्रे (2023)
- जुनैद खान (आमिर खान के बेटे)- महाराज (2024)
- अमन देवगन (अजय देवगन के भांजे)- आजाद (2025)
- राशा थडानी (रवीना टंडन की बेटी)- आजाद (2025)
- इब्राहिम अली खान (सैफ अली खान-अमृता सिंह के बेटे)-नादानियां (2025)
- शनाया कपूर (संजय कपूर की बेटी)- आंखों की गुस्ताखियां (2025)
क्या हैं सैयारा से अपेक्षाएं?
अब बात करते हैं कि सैयारा से क्या अपेक्षाएं हैं। मोहित सूरी निर्देशित फिल्म से ट्रेड ने बड़ी उम्मीदें संजो रखी हैं और इसकी वजह है एडवांस बुकिंग। एक न्यूकमर्स की फिल्म होने के बावजूद सैयारा की एडवांस बुकिंग उफान पर है और माना जा रहा है कि फिल्म पहले दिन जबरदस्त कमाई कर सकती है।
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक, मल्टीप्लेक्सेज की नेशनल चेंस पीवीआर आइनॉक्स और सिनेपोलिस में 3 बजे 1 लाख 38 हजार टिकट बिक चुके हैं।
ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, गुरुवार शाम 5 बजे तक सैयारा लगभग 8 करोड़ रुपये टिकटों की अग्रिम सेल से कमा चुकी है। इसका मतलब यह हुआ कि फिल्म की डबल डिजिट ओपनिंग तय है और पहले दिन सैयारा का नेट कलेक्शन 15 करोड़ तक रह सकता है।
ट्रेड एक्सपर्ट कोमल नाहटा एक्स पर लिखते हैं कि फिल्म की छप्परफाड़ ओपनिंग के लिए तैयार रहिए।

अगर, ऐसा हुआ तो पिछले एक दशक में किसी डेब्यूटेंट स्टार किड की यह सबसे बड़ी ओपनिंग होगी। फिल्म के संगीत और ट्रेलर में दोनों नवोदित कलाकारों के इंटेंस रोमांस दर्शकों को लुभा रहा है। न्यूकमर्स के साथ काम करने के लिए मशहूर मोहित ने अपने दोनों सैयारों के साथ एक अच्छी शुरूआत की उम्मीद जगा दी है।
यह भी पढ़ें: Saiyaara Title Track: अहान पांडेय की डेब्यू फिल्म का टाइटल ट्रैक आउट, मोहित सूरी बोले- 5 सालों की मेहनत से बनी एल्बम