मुंबई। Ajay Devgn NY Cinemas: अजय देवगन ने कुछ साल पहले अपनी मल्टीप्लेक्स चेन NY Cinemas की शुरुआत की थी, जिसका नाम उनकी बेटी नीसा और बेटे युग के नामों के पहले अक्षरों को मिलाकर बनाया गया था। बुधवार को अजय ने सिनेमा चेन का नाम बदलने का एलान किया।
एनवाई सिनेमाज को अब देवगन सिनेक्स के नाम से जाना जाएगा, जिसका एलान उन्होंने मुंबई के एक दुर्गा पूजा पंडाल में किया।
क्यों बदला सिनेमा चेन का नाम?
अजय ने विश्व समुद्र ग्रुप के साथ हाथ मिलाया है। इस कॉलोबोरेशन की वजह से ही थिएटर चेन को देवगन सिनेक्स नाम दिया गया है। जुहू के एसएनडीटी वीमेंस कॉलेज मैदान में आयोजित नॉर्थ बॉम्बे सार्वजानिन दुर्गा पूजा में अजय ने सहयोगियों के साथ नये नाम की घोषणा की। इस मौके पर काजोल और बेटी नीसा भी मौजूद थीं।
यह भी पढ़ें: Bollywood Movies in October: दिवाली के महीने में बॉक्स ऑफिस पर कई पटाखे, होंगे फुस्स या करेंगे धमाका?
समारोह की शुरुआत दुर्गा मां की पूजा के साथ हुई थी। इसके बाद जबरदस्त माहौल में, संगीत, रोशनी और तालियों के बीच देवगन सिनेक्स का लोगो लॉन्च किया गया। यह नया नाम तब सामने आया, जब विश्व समुद्र ग्रुप और एनवाई सिनेमाज़ ने हाथ मिलाए।
उनका मकसद है कि दर्शकों को सिनेमा देखने का अनुभव और आधुनिक, बेहतर और बड़ा मिले। इसके लिए नए थिएटर, डिजिटल तकनीक और देशभर में विस्तार की योजना बनाई गई है।

दक्षिण भारत का बाजार प्राथमिकता
इस मौके पर अजय ने कहा- “दुर्गा पूजा परंपरा, एकता और खुशियों का पर्व है। सिनेमा भी यही करता है, यह कहानियों के माध्यम से लोगों को जोड़ता है। इससे अच्छा दिन और क्या हो सकता है कि हम अपने सिनेमा के नए अध्याय की घोषणा करें। देवगन सिनेक्स के साथ हमारा सपना है कि भारतभर के दर्शकों को ऐसा अनुभव दें, जहां फिल्म का हर पल और हर जज़्बा पूरे असर के साथ महसूस किया जा सके।”
विश्व समुद्र ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर शिवदत्त दास ने कहा- “देवगन सिनेक्स सिर्फ एक नया नाम नहीं है, बल्कि एक सोच है। हमारी कोशिश होगी कि सिनेमाघरों को आराम, आधुनिक तकनीक और संस्कृति का नया रूप दिया जाए। हम इस ब्रांड को पूरे भारत में फैलाएंगे।”
देवगन सिनेक्स ने शुरुआत में ही यह बताया कि वह प्रीमियम सिनेमा फॉर्मेट्स लेकर आएगा। इसके साथ ही एआई, मोबाइल ऐप, वेबसाइट, ग्राहकों से जुड़ने के लिए टूल्स और रिवार्ड प्रोग्राम जैसी आधुनिक डिजिटल सुविधाओं का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि दर्शकों को एकदम आसान और बेहतर अनुभव मिले।
कंपनी ने यह भी कहा कि उसका ध्यान बड़े शहरों, मेट्रो और खास तौर पर दक्षिण भारत पर रहेगा, जहां सिनेमा के लिए सबसे ज्यादा जुनून है।