मुंबई। Bhooth Bangla Release Date Postoned: बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर द रिवेंज के तूफान का असर अप्रैल के महीने में भी नजर आ रहा है। महीने का पहला शुक्रवार (3 अप्रैल) तो खाली रहेगा ही, दूसरे शुक्रवार (10 अप्रैल) को भी मेकर्स नई फिल्म लाने में संकोच कर रहे हैं।
धुरंधर 2 ने बदला बॉक्स ऑफिस का गणित
धुरंधर 2 के खौफ की ताजा शिकार बनी अक्षय कुमार की हॉरर कॉमेडी फिल्म भूत बंगला, जिसकी रिलीज एक हफ्ता आगे खिसक गई है। यह फिल्म अब 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में आएगी। इससे एक दिन पहले इसके पेड प्रीव्यूज राज 9 बजे से रखे गये हैं।
धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर जो बवाल काटा है, उसने हिंदी सिनेमा के मेकर्स को दहशत से भर दिया है और अपने कदम फूंक-फूंककर रख रहे हैं। अप्रैल के महीने की सबसे बड़ी हिंदी रिलीज अक्षय कुमार की भूत बंगला थी, जो 10 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी।
इस फिल्म के निर्माताओं ने कोई रिस्क ना लेना ही ठीक समझा। भूत बंगला का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है। फिल्म में अक्षय के साथ तब्बू, वामिका गब्बी, परेश रावल और राजपाल यादव अहम किरदारों में हैं।
यह भी पढ़ें: Bhooth Bangla Teaser: मंगलपुर में फैला वधूसुर का आतंक, अक्षय कुमार की हॉरर कॉमेडी का टीजर आउट
10 अप्रैल को सोलो रिलीज होगी डकैत
अब 10 अप्रैल को तेलुगु फिल्म डकैत- एक प्रेम कथा सोलो रिलीज होगी। अदिवी शेष और मृणाल ठाकुर अभिनीत फिल्म हिंदी में भी बड़े स्तर पर रिलीज की जा रही है।
धुरंधर 2, 19 मार्च को सिनेमाघरों में आई थी और रिलीज के दूसरे हफ्ते में भी बॉक्स ऑफिस बवाल मचाये हुए है। रिपोर्ट्स के अनुसार, धुरंधर द रिवेंज 13 दिनों में 900 करोड़ के आसपास नेट कलेक्शन कर चुकी है और जल्द 1000 करोड़ क्लब में दाखिल हो जाएगी।
आदित्य धर निर्देशित धुरंधर 2 किसी एक भाषा में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन चुकी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड पुष्पा 2 के नाम था, जिसने 830 करोड़ लाइफ टाइम कलेक्शन किया था।

