क्या आप यकीन करेंगे- 45 साल पहले आई Anil Kapoor की इस क्लासिक फिल्म को नहीं मिले थे खरीदार, सिर्फ एक शो ने बदल दी जिंदगी

Anil Kapoor with Nisha Singh in Kahan Kahan Se Guzar Gaya. Photo- X

मुंबई। Kahan Kahan Se Guzar Gaya: अनिल कपूर हिंदी सिनेमा के उन कलाकारों में शामिल हैं, जिन्होंने इंडस्ट्री इनसाइडर होते हुए भी करियर के शुरुआती दौर में खूब संघर्ष किया था। छोटे-छोटे किरदारों के साथ फिल्मों में नजर आने वाले अनिल को अपना सिक्का जमाने में वक्त लगा।

उस दौर की कई फिल्में ऐसी हैं, जिन्हें आज कल्ट स्टेटस हासिल है, मगर उस दौर में उन फिल्मों को दर्शक मिलना तो दूर थिएटर तक नसीब नहीं होते थे। ऐसी ही एक फिल्म को अनिल कपूर ने आज याद किया है।

45 साल की हुई कहां कहां से गुजर गया

फिल्म है- कहां कहां से गुजर गया, जो 1981 में बनकर तैयार हो गई थी, मगर खरीदार ना मिलने के कारण 1986 में रिलीज हो सकी। वो भी सिर्फ एक शो के साथ। अनिल ने फिल्म के 45 साल पूरे होने पर यह कहानी सोशल मीडिया में शेयर की।

फिल्म की कुछ तस्वीरों का वीडियो शेयर करके अनिल ने लिखा- 45 साल पहले, एक फिल्म को खरीदार मिलने में मुश्किलें हुईं और आखिरकार एक शो के साथ रिलीज हुई। उस एक शो ने मेरी जिंदगी बदल दी। कहां कहां से गुजर गया ने मुझे जो अनुभव दिया, उसके लिए मैं आज तक शुक्रगुजार हूं। एमएस सथ्यू के साथ काम करना, ईशान आर्य के लेंस में कैद होना और पंकज कपूर के साथ स्क्रीन शेयर करना- हम दोनों अपने करियर के शुरुआती दौर में थे- युवा कलाकार के लिए यह असाधारण बात थी, जो अपना करियर शुरू ही कर रहा था।

जो एक अनिश्चतता के साथ शुरू हुआ था, वो मील का पत्थर बन गया, जिसे हमेशा याद रखूंगा। 45 साल बाद मैं पूरी कृतज्ञता के साथ उस संघर्ष, सबक और फिल्म की तरफ देख रहा हूं, जिसने मेरे करियर को आकार दिया। फिल्म में निशा सिंह ने फीमेल लीड रोल निभाया था।

यह भी पढ़ें: 43 साल बाद फिर कन्नड़ सिनेमा में काम करना चाहते हैं अनिल कपूर, यश और ऋषभ शेट्टी को इस बात के लिए दी बधाई

वो सात दिन से मिली पहचान

कहां कहां से गुजर गया समय से रिलीज ना होने के कारण, अनिल कपूर की लीड रोल में डेब्यू फिल्म कन्नड़ सिनेमा की पल्लवी अनु पल्लवी बनी, जिसका निर्देशन मणि रत्नम ने किया था। यह फिल्म 1983 में रिलीज हुई थी। हिंदी सिनेमा में अनिल को उसी साल आई वो सात दिन से बतौर लीड एक्टर पहचान मिली थी।

वहीं, 1984 में आई मशाल ने उन्हें उभरते हुए सितारे के रूप में स्थापित किया। इस फिल्म में अनिल ने हिंदी सिनेमा के थेस्पियन दिलीप कुमार के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर किया था।

अनिल अब प्राइम वीडियो पर रिलीज हो रही फिल्म सूबेदार में नजर आएंगे, जिसमें एक बार फिर अपना तेजाबी अंदाज दिखाने वाले हैं। यह एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन सुरेश त्रिवेणी ने किया है। अनिल फिल्म का सह निर्माता भी हैं। फिल्म 5 मार्च को प्लेटफॉर्म पर रिलीज की जाएगी।