September Hindi Movies In Cinemas: बागी 4, जॉली एलएलबी 3…क्या सितम्बर में खत्म होगा फ्लॉप का सितम?

Bollywood movies in September in cinemas. Photo- Instagram

मुंबई। September Hindi Movies In Cinemas: अगस्त का महीना बॉक्स ऑफिस के लिए अच्छा नहीं रहा। खासकर, हिंदी सिनेमा को इस महीने निराशा का सामना करना पड़ा। ऋतिक रोशन और एनटीआर जूनियर स्टारर वॉर 2 की नाकामयाबी सबसे बड़ा झटका है। जिस फिल्म से उम्मीद की जा रही थी कि यह बॉक्स ऑफिस इतिहास-भूगोल बदल सकती है, वो औंधे मुंह गिरी।

अजय देवगन की सन ऑफ सरदार 2 अगस्त की दूसरी बड़ी असफलता रही। इस फिल्म से भी काफी उम्मीदें थीं। अजय ने फिल्म का प्रचार भी खूब किया, मगर दर्शकों तक नहीं पहुंच पाये। करण जौहर निर्मित धड़क 2 भी दिल धड़काने में असफल रही।

अगस्त की आखिरी हिंदी रिलीज परम सुंदरी है, जो 29 अगस्त को आ रही है। सिद्धार्थ मल्होत्रा और जाह्नवी कपूर की यह फिल्म क्या गुल खिलाती है, इसका पता भी अगस्त खत्म होते-होते चल जाएगा।

बहरहाल, आगे बढ़ते हैं और जानते हैं कि सितम्बर में कौन-कौन सी फिल्में रिलीज होने वाली हैं और इनमें से कौन-सी ऐसी हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप का सितम मिटा सकती हैं।

सितम्बर में रिलीज होने वाली प्रमुख बॉलीवुड फिल्में:

  • बागी 4
  • द बंगाल फाइल्स
  • हीर एक्सप्रेस
  • एक चतुर नार
  • लव इन वियतनाम
  • निशांची
  • जॉली एलएलबी 3

बागी 4

5 सितम्बर को रिलीज हो रही फिल्म साजिद नाडियाडवाला की बागी फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म है। इसकी तीनों फिल्में सफल रही है। बागी 4 को ज्यादा हिंसक और इंटेंस बनाया गया है। स्टार कास्ट में टाइगर श्रॉफ को संजय दत्त, हरनाज संधू और सोनम बाजवा ने ज्वाइन किया है। निर्देशक ए हर्षा हैं। यह फिल्म टाइगर के फैंस के लिए टेलर मेड है और बॉक्स ऑफिस पर सरप्राइज दे सकती है।

यह भी पढ़ें: Baaghi 4 Trailer: बिग बॉस के घर में ‘बागी’! सलमान खान के सामने रिलीज होगा टाइगर श्रॉफ की फिल्म का ट्रेलर

द बंगाल फाइल्स

बागी 4 के साथ द बंगाल फाइल्स रिलीज होगी। विवेक अग्निहोत्री की पीरियड फिल्म 1946 में कोलकाता में हुए डायरेक्ट एक्शन डे की घटना पर बनी है, जिसमें हजारों हिंदुओं का दूसरे समुदाय के लोगों ने कत्लेआम किया था। विवेक की यह फिल्म बहुत हद तक उनकी द कश्मीर फाइल्स की सफलता पर निर्भर है।

इस फिल्म की सफलता में सबसे बड़ी रुकावट खुद विवेक ही बन सकते हैं, जिन पर एजेंडा-प्रधान फिल्में बनाने के आरोप लगते हैं। एक वर्ग का मानना है कि विवेक जानबूझकर वक्त नब्ज पहचानकर फिल्में बना रहे हैं, जो एक खास मानसिकता के लोगों को संतुष्ट करने वाली होती हैं। इस थ्योरी की वजह से उनकी फिल्मों से वो दर्शक वर्ग दूर हो सकता है, जो संतुलन की अपेक्षा रखता है। इससे फिल्म का कारोबार प्रभावित हो सकता है।

यह भी पढ़ें: The Bengal Files: शाश्वत चटर्जी को नहीं पता, क्यों बदला गया टाइटल? फिल्म में निभा रहे हैं नेगेटिव किरदार

हीर एक्सप्रेस

12 सितम्बर को बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिलेगा। इंडस्ट्री में ऐसा कम ही होता है कि एक ही निर्देशक की दोनों फिल्में एक ही दिन रिलीज हों। हीर एक्सप्रेस का निर्देशन उमेश शुक्ला ने किया है। यह ड्रामा फिल्म है, जिससे दिविता जुनेजा डेब्यू कर रही हैं। फिल्म में आशुतोष राणा और गुलशन ग्रोवर भी अहम किरदारों में हैं।

एक चतुर नार

12 सितम्बर को ही आ रही एक चतुर नार का निर्देशन भी उमेश शुक्ला ने किया है। यह क्राइम कॉमेडी है, जिसमें नील नितिन मुकेश और दिव्या खोसला लीड रोल्स में हैं। फिल्म का प्रिमाइस दिलचस्प है। अगर दिव्या खोसला अच्छा अभिनय कर गईं तो यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर चल सकती है। कहानी उनके किरदार ममता पर आधारित है, जो गरीब मगर स्ट्रीट स्मार्ट है और वो एक सिचुएशन का फायदा उठाकर अमीर बनना चाहती है।

लव इन वियतनाम

12 सितम्बर को रिलीज हो रही यह बॉलीवुड और वियतनाम की एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का पहली साझेदारी है। इस रोमांटिक ड्रामा में शांतनु माहेश्वरी, अवनीत कौर और वियतनामी एक्ट्रेस काह गन मुख्य भूमिकाओं में हैं। इस रोमांटिक ड्रामा का फिलहाल कोई बज नहीं है। हालांकि, फिल्म में राज बब्बर, गुलशन ग्रोवर और फरीदा जलाल जैसे वेटरन कलाकार भी हैं।

जुगनुमा

12 सितम्बर को जुगनुमा रिलीज होगी। इस फिल्म का निर्माण गुनीत मोंगा कपूर, अनुराग कश्यप, अचिन जैन और रंजन सिंह ने किया है। यह देव (मनोज बाजपेयी) की कहानी है, जो हिमालय के कस्बे में एक बगीचे का मालिक है। रातोंरात पेड़ों में आग लगने लगती है। इसकी खोज में कई दबे हुए राज निकलते हैं, जिनके तार लोककथा से जुड़े हैं। फिल्म का लेखन निर्देशन राम रेड्डी ने किया है।

निशांची

19 सितम्बर को रिलीज हो रही अनुराग कश्यप निर्देशित यह फिल्म न्यूकमर्स के हवाले है। ठाकरे खानदान के ऐश्वर्य ठाकरे फिल्म से डेब्यू कर रहे हैं। हिंदी हार्टलैंड की इस क्राइम स्टोरी की सबसे बड़ी यूएसपी अनुराग ही हैं। उनके सिनेमा को पसंद करने वाले निशांची देखने जा सकते हैं। यह फिल्म माउथ पब्लिसिटी पर निर्भर रहेगी।

जॉली एलएलबी 3

19 सितम्बर को आ रही जॉली एलएलबी 3 सितम्बर का सबसे बड़ा दांव है। सुभाष कपूर निर्देशित फिल्म में अक्षय कुमार और अरशद वारसी अपने-अपने किरदारों में लौट रहे हैं। सौरभ शुक्ला जज के रोल में हैं। पहली दो फिल्मों की सफलता और लोकप्रियता जॉली एलएलबी 3 का सबसे बड़ा हथियार है। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर दर्शक खींच सकती है।