मुंबई। Boycott Turkey: तुर्किये के भारत के साथ सांस्कृतिक और राजनैतिक संबंध रहे हैं। पश्चिमी एशिया का यह देश भारतीय सैलानियों का पसंदीदा टूरिस्ट डेस्टिनेशन रहा है तो बॉलीवुड का भी फेवरिट शूटिंग लोकेशन रहा है। मगर, भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मौजूदा तनाव में टांग अड़ाकर तुर्किये ने अपने पैर पर कुल्हाड़ी मार ली है।
पाकिस्तान ने भारत पर जिन ड्रोंस से हमला किया, वो तुर्किये ने उसे दिये थे। वहां की सरकार ने भी पाकिस्तान का साथ दिया। ये जानकारियां बाहर आने के बाद एक्स पर तुर्किये के बायकॉट की मुहिम शुरू हो गई है।
रूपाली गांगुली ने की बायकॉट की अपील
टीवी एक्ट्रेस और बीजेपी नेता रूपाली गांगुली ने एक्स पर पोस्ट लिखकर बायकॉट का आह्वान किया। रूपाली ने लिखा- क्या हम तुर्किये के लिए अपनी बुकिंग्स रद करवा सकते हैं? यह सभी भारतीय सेलिब्रिटीज, इन्फ्लुएंसर्स और सैलानियों से मेरी गुजारिश है। भारतीय होने के नाते कम से कम इतना तो हम कर ही सकते हैं।

मुहिम ने जोर पकड़ा तो एक टूर मैनेजमेंट कम्पनी ने तुर्किये की बुकिंग्स ही कैंसिल कर दीं। सोशल मीडिया में तुर्किये के बायकॉट (Boycott Turkey) को व्यापक समर्थन मिल रहा है। इस बीच तुर्किये की ओर से आश्वासन दिया गया कि भारतीयों के लिए देश बिल्कुल सुरक्षित है और भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव का कोई असर नहीं है।
हालांकि, तुर्किये ने जो किया है, उसे देखते हुए रिकवरी आसान नहीं होगी। तुर्किये के लिए यह इसलिए भी झटका है, क्योंकि वहां बॉलीवुड फिल्में भी खूब शूट होती रही हैं।
Boycott Turkey मुहिम के बीच हम आपको बताते हैं कि जीडीपी का 8% टूरिज्म से कमाने वाले इस देश में कौन सी बॉलीवुड फिल्में पिछले कुछ सालों में शूट हुई हैं। इनमें सलमान खान, अभिषेक बच्चन, अक्षय कुमार की फिल्में भी शामिल हैं।
गुरु (2007)
मणि रत्नम निर्देशित अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय की फिल्म ‘गुरु’ में इस्तांबुल की एक हिस्टोरिकल इमारत में गाना ‘मय्या मय्या’ शूट किया गया। इस गाने में तुर्की की पारंपरिक वास्तुकला और सांस्कृतिक तत्वों को खूबसूरती से दर्शाया गया। भव्यता और गाने की कोरियोग्राफी ने दर्शकों का ध्यान खींचा।
मिशन इस्तांबुल (2008)
अपूर्व लखिया निर्देशित एक्शन थ्रिलर मिशन इस्तांबुल का टाइटल की तुर्किये को समर्पित था। इस फिल्म की पूरी कहानी इस्तांबुल में दिखाई गई थी। फिल्म में जायद खान, विवेक ओबेरॉय, सुनील शेट्टी और श्रिया सरन ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं।
अजब प्रेम की गजब कहानी (2009)
रणबीर कपूर और कटरीना कैफ की रोमांटिक कॉमेडी ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ के संगीतमय दृश्य पामुक्काले की सफेद ट्रैवर्टाइन चट्टानों पर फिल्माए गए। यह यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल अपनी अनूठी बनावट के लिए जाना जाता है। इन दृश्यों ने फिल्म के रोमांटिक माहौल को और बढ़ाया।
गेम (2011)
इस फिल्म का गाना मैंने यह कब सोचा था तुर्किये (Boycott Turkey) की ओर्टाकोय मस्जिद में शूट किया गया था। फिल्म में अनुपम खेर, अभिषेक बच्चन, सारा जेन डायस और कंगना रनौत ने प्रमुख किरदार निभाये थे। थ्रिलर फिल्म की कहानी एक अमीर आदमी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी बेटी के कातिल को ढूंढ रहा है।
एक था टाइगर (2012)
सलमान खान और कटरीना कैफ अभिनीत ‘एक था टाइगर’ तुर्की (Boycott Turkiye And Bollywood) के कई खूबसूरत स्थानों पर शूट की गई थी। फिल्म का परिचय दृश्य इस्तांबुल की मेडन्स टावर पर फिल्माया गया, जो शहर का एक प्रतिष्ठित स्थल है।
मार्दिन शहर की प्राचीन गलियों में जिंसीरिये मदरसा में कुछ शुरुआती दृश्य शूट किए गए, जो फिल्म को एक रहस्यमयी माहौल देते हैं। इसके अलावा, अंताल्या के मार्दन पैलेस होटल, जो यूरोप का सबसे महंगा लग्जरी होटल माना जाता है, में कुछ भव्य दृश्य फिल्माए गए।
रेस 2 (2013)
जॉन अब्राहम और सैफ अली खान की थ्रिलर फिल्म ‘रेस 2’ में अंताल्या के मार्दन पैलेस को जॉन के महल के रूप में दिखाया गया। इसके अलावा, प्राचीन शहर पेर्गे में गाना ‘बे इंतहा’ शूट किया गया, जहां रोमन स्नानघर के अवशेष पृष्ठभूमि में थे। तुर्की की प्राकृतिक और ऐतिहासिक सुंदरता ने इस एक्शन से भरपूर फिल्म को और रोमांचक बनाया।
दिल धड़कने दो (2015)
जोया अख्तर की यह मल्टी-स्टारर फिल्म एक क्रूज पर आधारित थी, और इस्तांबुल के दृश्य इसमें प्रमुख थे। अनुष्का शर्मा और रणवीर सिंह के दृश्य इस्तांबुल के ब्यूक वालिदे हान और शहर के क्षितिज के साथ फिल्माए गए। इस्तांबुल की वास्तुकला और सांस्कृतिक समृद्धि ने फिल्म को एक अंतरराष्ट्रीय आकर्षण दिया।
बेबी (2015)
अक्षय कुमार की एक्शन थ्रिलर ‘बेबी’ में इस्तांबुल की सड़कों और ट्रामों में कई दृश्य शूट किए गए। शहर की हेरिटेज ट्राम में एक महत्वपूर्ण फाइट सीन फिल्माया गया, जो फिल्म के तनावपूर्ण माहौल को बढ़ाता है। तुर्की की शहरी पृष्ठभूमि ने इस आतंकवाद-विरोधी कहानी को और विश्वसनीय बनाया।
टाइगर 3 (2023)
‘एक था टाइगर’ सीरीज की तीसरी कड़ी ‘टाइगर 3’ में सलमान खान एक बार फिर तुर्की लौटे। इस्तांबुल में फिल्म के कुछ हिस्से शूट किए गए, हालांकि भीड़ की मौजूदगी के कारण कुछ शॉट्स लीक हो गए थे। फिल्म में इमरान हाशमी विलेन बने थे।