Dhurandhar 2 को प्रोपेगेंडा बताने वालों पर भड़के ‘एनिमल’ डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा, कहा- ‘काली नजर से बचने के लिए…’

Sandeep Reddy Vanga supprots Dhurandhar 2. Photo- X

मुंबई। Sandeep Redyy Vanga on Dhurandhar 2: आदित्य धर निर्देशित धुरंधर द रिवेंज के साथ ही लोगों के निशाने पर आ गई थी। फिल्म भले ही बॉक्स ऑफिस पर छप्परफाड़ कमाई कर रही हो, मगर इसने पूरे देश में एक बहस छेड़ दी, जिनमें फिल्म पर प्रोपेगेंडा होने के आरोप लगाये गये।

फिल्म में कुछ घटनाएं ऐसी दिखाई गई हैं, जो ऐतिहासिक तौर पर गलत हैं। मगर, ऐसे लोगों की भी कमी नहीं है, जिन्हें धुरंधर द रिवेंज एक बेहतरीन और आइकॉनिक फिल्म लग रही है। ऐसे ही लोगों में अब नाम जुड़ा है संदीप रेड्डी वांगा का, जिनकी फिल्म एनिमल पर महिलाओं के खिलाफ होने के आरोप लगे थे।

प्रोपेगेंडा फिल्म कहने पर संदीप ने जताया एतराज

संदीप ने गुरुवार को एक्स पर लिखा- लेखकों और अभिनेताओं ने अपने करियर प्रोपेगेंडा की मदद से बनाये हैं और इंडस्ट्री बिल्ली की तरह खामोशी से देखती रही। अब वही जमात धुरंधर का मजाक उड़ा रही है। अगर आपकी पहली प्रतिक्रिया मजाक उड़ाना है तो आप खुद को रिबरल नहीं कह सकते।

नहीं जानता कि सच को कब से प्रोपेगेंडा कहा जाने लगा। अजीबोगरीब वक्त चल रहा है। बिंदु पर आते हुए- मैं आदित्य धर और रणवीर सिंह से यह कहना चाहता हूं कि यह काला दृष्टि (काली नजर) ऐसे नहीं जाएगी। मुट्ठी भर लाल मिर्च से काम नहीं चलेगा, पूरा खेत जलाना पड़ेगा।

बीती रात धुरंधर द रिवेंज देखी। जबरदस्त फिल्म।

यह भी पढ़ें: Dhurandhar 2 Box Office Day 18: हिंदी में 1000 करोड़ क्लब की दहलीज पर ‘धुरंधर 2’, वर्ल्डवाइड 1600 करोड़ के पार

संदीप की पोस्ट के जवाब में आदित्य धर ने उनका शुक्रिया अदा करते हुए लिखा- मेरे प्यारे संदीप, मुझे आपकी यह बात पसंद है कि आप अपनी जमीन पर डटे रहते हो और जब जरूरी होता है तो साथ देते हो। इसमें ईमानदारी और भरोसा है, जिसकी मैं कद्र करता हूं। मैंने हमेशा इस बात को सराहा है कि आप किस तरह अपने सिनेमा को बिना किसी संदेह और शोर के सपोर्ट करते हो।

इस तरह का भरोसा हम सबको याद दिलाता है कि अपनी आवाज पर यकीन करें। लेजेंड प्रभास सर को मेरा प्यार देना। स्पिरिट के लिए बहुत प्यार और शुभकामनाएं। इसका सच में इंतजार है। और अगर, मैं कुछ कर सकता हूं तो मुझे मदद करने में खुशी होगी। शुक्रिया।

ब्लॉकबस्टर हो चुकी है धुरंधर 2

धुरंधर 2, 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और अब तक 900 करोड़ से अधिक नेट कलेक्शन सिर्फ हिंदी भाषा में कर चुकी है। सभी भाषाओं में फिल्म 1000 करोड़ के पार निकल चुकी है। फिल्म में नोटबंदी की घटना को लेकर सबसे ज्यादा शोर मचा।

फिल्म में दिखाया गया है कि मोदी सरकार ने नोटबंदी इसलिए की थी, ताकि पाकिस्तान से आ रहे नकली नोटों पर रोक लगाई जा सके। हालांकि, सरकार की ओर से कभी कोई ऐसा आंकड़ा जारी नहीं किया गया था, जिसमें ऐसा दावा किया गया हो। इसके अलावा कई घटनाएं ऐसी दिखाई गई हैं, जो मौजूदा सरकार की टाइमलाइन में फिट नहीं बैठतीं। इन्हीं सब कारणों के चलते फिल्म पर प्रोपेगेंडा होने के आरोप लगे हैं।