मुंबई। Dhurandhar 2 Teaser: भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर धुरंधर की सीक्वल इसी साल मार्च में रिलीज हो रहा है और अब टीम ने विधिवत प्रचार शुरू कर दिया है, जिसके तहत मंगलवार को धुरंधर 2 का पहला टीजर जारी किया गया, जिसमें हमजा के बदले और जसकीरत की बीती जिंदगी की झलक दिखाई गई है।
रणवीर सिंह ने शेयर किया टीजर
आदित्य धर निर्देशित धुरंधर 5 दिसम्बर को सिनेमाघरों में सिर्फ हिंदी भाषा में रिलीज की गई थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास लिखते हुए देश में 890 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन किया और भारतीय सिनेमा की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बनी।
फिल्म 30 जनवरी को नेटफ्लिक्स पर आ चुकी है। अब इसके सीक्वल को रिलीज करने की तैयारी की जा रही है, जिसकी घोषणा धुरंधर के क्लाइमैक्स में की गई थी। सीक्वल का नाम धुरंधर 2- द रिवेंज है। मंगलवार को रणवीर सिंह ने फिल्म का टीजर शेयर करके लिखा- यह नया हिंदुस्तान है। यह घर में घुसेगा भी और मारेगा भी।
दिलचस्प बात यह है कि धुरंधर जहां सिर्फ हिंदी में रिलीज हुई थी, धुरंधर 2 हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में भी स्क्रींस पर उतारी जाएगी, यानी धुरंधर 2 सही मायनों में पैन इंडिया रिलीज होगी।
धुरंधर 2 में दिखेगी जसकीरत के हमजा बनने की कहानी
फिल्म की हीरो रणवीर सिंह की भी यह अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी है। रणवीर ने फिल्म में हमजा अली मजारी नाम के भारतीय स्पाइ का किरदार निभाया है, जो अफगानिस्तान के रास्ते पाकिस्तान स्थित कराची के लयारी शहर में घुसता है और गैंगस्टर रहमान डकैत का गिरोह ज्वाइन करता है।
रहमान कोई मामूली गैंगस्टर नहीं है। लयारी में उसका दबदबा है। गैर कानूनी धंधे करने के साथ वो आइएसआइ को हथियार सप्लाइ भी करता है, जिनका इस्तेमाल दहशतगर्द भारत में करते हैं। हमजा का काम गैंगस्टरों, आइएसआइ और आतंकियों के इसी तंत्र को नेस्तनाबूद करने का है।
पहली फिल्म में हमजा रहमान डकैत को ठिकाने लगा देता है और अब वो बाकी दुश्मनों को उनके अंजाम तक पहुंचाकर भारत में हुई आतंकी वारदातों का बदला लेगा। दूसरी फिल्म जहां हमजा के बढ़ते कद और बदले को रेखांकित करेगी, वहीं हमजा की बैक स्टोरी भी दिखाई जाएगी।
हमजा भारत में मौत की सजा पाया जसकीरत सिंह रंगी है, जो अपनी फांसी के दिन गिन रहा है। इंटेलीजेंस चीफ आर माधवन का किरदार उसे मिशन धुरंधर के लिए तैयार करता है और पाकिस्तान भेजता है।

टॉक्सिक से बॉक्स ऑफर पर होगी टक्कर
बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर 2 की टक्कर बहुचर्चित टॉक्सिक से होगी, जो कन्नड़ सिनेमा की फिल्म है और यश मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म को लेकर ट्रेड बेहद उत्साहित है और साल 2026 की सबसे बड़ी फिल्मों में इसे गिना जा रहा है। टॉक्सिक भी पैन इंडिया फिल्म है, जो कन्नड़ के साथ हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी।
जाहिर है कि हर भाषा के बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर 2 का मुकाबला टॉक्सिक से होगा। इस टक्कर को लेकर फैंस और इंडस्ट्री में काफी उत्सुकता है।

