मुंबई। Dhurandhar 2 Reactions: बुधवार को पेड प्रीव्यूज के बाद बहुप्रतीक्षित फिल्म धुरंधर द रिवेंज गुरुवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई और इसके साथ ही फिल्म को लेकर सोशल मीडिया में जबरदस्त बहस छिड़ गई है। एक तरफ फिल्म की मेकिंग और कलाकारों की अदाकारी की खूब तारीफ हो रही है, वहीं आदित्य धर पर प्रोपेगैंडा फिल्म बनाने के आरोप लग रहे हैं।
यह आरोप धुरंधर पर भी लगे थे, मगर इस बार आरोपों की तीव्रता और धार पहले से कहीं अधिक है। कारण है- फिल्म में मौजूदा सरकार के नोटबंदी के फैसले को ना सिर्फ सही ठहराना, बल्कि इसे आतंकवाद और हवाला की कमर तोड़ने वाला बताना। वहीं, तमाम लोग ऐसे भी हैं, जिन्हें धुरंधर 2 पसंद आ रही है। बॉलीवुड और साउथ इंडस्ट्री के लोग फिल्म के समर्थन में आगे आये हैं।
राजनीति से प्रेरित है धुरंधर द रिवेंज
धुरंधर द रिवेंज की कहानी वहीं से शुरू होती है, जहां धुरंधर खत्म हुई थी। रहमान डकैत के खत्म होने के बाद ल्यारी में हमजा अली मजारी के बढ़ते रुतबे और एक-एक करके दुश्मनों का खात्मा करने की कहानी फिल्म में दिखाई गई है।
मगर, इस बीच बहुत कुछ ऐसा भी दिखाया गया है, जिसे लोग मौजूदा राजनीतिक घटनाओं से जोड़कर देख रहे हैं और फिल्म के कथ्य पर सवाल उठा रहे हैं। यह वो घटनाएं हैं, जिन्होंने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था। इन्हीं में से एक है मोदी सरकार का नोटबंदी का फैसला।
2016 में जब अचानक 500 और 1000 रुपये के नोट बंद करने का एलान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था तो लोग सड़कों पर आ गये थे। नोट बदलवाने के लिए बैंकों के सामने लम्बी-लम्बी कतारें लग गई थीं। इस दौरान कुछ अप्रिय घटनाओं की सूचनाएं भी आई थीं।
दावा किया गया था कि नोटबंदी से देश में काले धन का प्रवाह बंद हो जाएगा, जिससे हवाला कारोबार और आतंकवाद की फंडिंग के रास्ते बंद हो जाएंगे। मगर, ऐसा हुआ नहीं। नोटबंदी के बाद भी देश में आतंकी हमले हुए।
मगर, फिल्म नोटबंदी के इस असर पर कोई बात नहीं करती। सोशल मीडिया में लोग अब इसी को लेकर सवाल उठा रहे हैं और कह रहे हैं कि धुरंधर द रिवेंज सरकार के नोटबंदी के फैसले को जस्टिफाई करने के लिए बनाई गई है, जिसकी जबरदस्त आलोचना हुई थी।
यह भी पढ़ें: Battle Of Galwan का बदला गया नाम, अब नये टाइटल के साथ रिलीज होगी सलमान खान की मोस्ट अवेटेड फिल्म



फिल्म इंडस्ट्री से मिल रही तारीफ
आदित्य धर ने पहली फिल्म में जहां मुंबई हमलों को कहानी में पिरोया था, वहीं धुरंधर 2 में नोटबंदी और अतीक अहमद घटनाक्रम से प्रेरणा ली है। अतीक से प्रेरित किरदार आतिफ अहमद के लिंक पाकिस्तानी एजेंसी आइएसआइ से दिखाये गये हैं और इस किरदार के जरिए ही नोटबंदी के फैसले पर मुहर लगाई गई है।
जिन लोगों को फिल्म पसंद आ रही है, उनमें राम गोपाल वर्मा, मधुर भंडारकर, अल्लू अर्जुन, विजय देवरकोंडा शामिल हैं, जिन्होंने सोशल मीडिया के जरिए धुरंधर 2 की दिल खोलकर तारीफ की है।

