मुंबई। Did You Know Ravi Kishan As Dhurandhar: रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर द रिवेंज इस समय खूब चर्चा में है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाई के नये रिकॉर्ड बना रही है। सोशल मीडिया में फिल्म को लेकर जमकर बहस भी हो रही है। आदित्य धर निर्देशित इस एक्शन स्पाइ फिल्म को कोई ऐतिहासिक कह रहा है तो कोई इसे प्रोपेगेंडा फिल्म बता रहा है।
धुरंधर का पहला भाग 2025 में रिलीज हुआ था, जिसने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कामयाबी हासिल करते हुए 896 करोड़ नेट कलेक्शन किया था। अब दूसरा भाग उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है, मगर इस बीच हम आपके लिए दिलचस्प तथ्य लेकर आये हैं।
रवि किशन बने थे भोजपुरी के धुरंधर
धुरंधर, टाइटल ने इस वक्त धूम मचा रही है और रणवीर सिंह को बॉक्स ऑफिस का धुरंधर कहा जाने लगा है, मगर इस टाइटल के पहले हकदार बीजेपी सांसद और भोजपुरी सुपरस्टार रह चुके रवि किशन हैं, जिनकी 11 साल पहले आई फिल्म का टाइटल धुरंधर- शूटर था।
आइएमडीबी के अनुसार, फिल्म एक जनवरी 2014 को रिलीज हुई थी। रवि किशन ने फिल्म में आम आदमी का किरदार निभाया और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। इसका ट्रेलर नीचे देख सकते हैं। यू-ट्यूब पर पूरी फिल्म भी मौजूद है।
यह भी पढ़ें: Dhurandhar 2 Box Office Day 5: पहले सोमवार को जारी रही ताबड़तोड़ कमाई, 5 दिनों में 500 करोड़ के पार ‘धुरंधर 2’
मजेदार बात यह है कि फिल्म के टाइटल ट्रैक में रवि किशन खुद को धुरंधर कहते हैं। इसके बोल इस प्रकार हैं-
“केहु ला खिलाड़ी, केहु ला दबंग
केहु बोले बाहुबली, केहु मस्त मलंग
जय भोले भंडारी, हम शिव के पुजारी
अपना किस्मत के हम हैं सिकंदर
हम हैं धुरंधर, हम हैं धुरंधर…”
फिल्म का निर्देशन दीपक तिवारी ने किया था और रवि किशन के साथ संगीता तिवारी, अवधेश मिश्रा, बृजेश त्रिपाठी और सम्भावना सेठ ने काम किया था। धुरंधर 2 की चर्चा के बीच रवि किशन की यह फिल्म भी सतह पर आ गई है।

रवि किशन ने की धुरंधर 2 की तारीफ
वैसे, रवि किशन धुरंधर 2 की तारीफ कर चुके हैं। रवि ने एक्स पर लिखा था- धुरंधर सिनेमा के बेहतरीन, यादगार और झकझोरने वाले रूप को दिखाती है। पूरी कास्ट को इतनी शानदार परफॉर्मेंस के लिए बदाई। आदित्य धर को नये जमाने की बेखौफ फिल्ममेकिंग के लिए बधाई। ऐसे लम्हे हिंदी सिनेमा के भविष्य को दिशा देते हैं।
धुरंधर द रिवेंज, 19 मार्च को सिनेमाघरों में हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज हुई थी। फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, राकेश बेदी, गौरव गेरा और सारा अर्जुन ने प्रमुख किरदार निभाये हैं।

