मुंबई। Heer Ranjha Movie: जब भी मोहब्बत की बात आती है तो लैला मजनू और हीर रांझा की प्रेम कहानियां खुद-ब-खुद जहन में आने लगती हैं। इन कहानियों ने फिल्मकारों को भी खूब प्रभावित किया है और समय-समय पर अपने-अपने तरीके से इन प्रेम कथाओं को पर्दे पर लाते रहे हैं।
अब हीर रांझा की कहानी एक बार फिर बड़े पर्दे पर अलग अवतार में आने के लिए तैयार है। इसकी घोषणा वेलेंटाइन डे पर एकता कपूर और इम्तियाज अली ने की। फिल्म को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
लैला मजनू के बाद हीर रांझा
बालाजी मोशन पिक्चर्स ने सोशल मीडिया के जरिए एक टीजर के साथ इसकी घोषणा की। इसके साथ लिखा गया है- कुछ प्रेम कहानियां कभी नहीं मरतीं। लैला मजनू से हीर रांझा तक, प्यार की लेगेसी जारी है। फिल्म का निर्देशन इम्तियाज के भाई साजिद अली कर रहे हैं।
2018 में एकता और इम्तियाज लैला मजनू लेकर आये थे, जिसमें इस लेजेंड्री कहानी को नये नजरिए से साजिद अली ने ही पेश किया था। इस फिल्म से अविनाश तिवारी और तृप्ति डिमरी ने बिग स्क्रीन डेब्यू किया था।
संयोग से ये दोनों ही कलाकार शुक्रवार को रिलीज हुई रोमांटिक गैंगस्टर ड्रामा ओ रोमियो में अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। हालांकि, तृप्ति शाहिद के अपोजिट हैं। वहीं, अविनाश विलेन के रोल में हैं।
हीर रांझा और सिनेमा
हीर रांझा पंजाब से निकली ट्रेजिक लोक कथा है, जो चार सदी पुरानी है। कई कवियों ने अलग-अलग दौर में इस लोक कथा को अपने-अपने ढंग से कहा है। हीर रांझा की कहानी पर विभिन्न भाषाओं में डेढ़ दर्जन से ज्यादा फिल्में और धारावाहिक बन चुके हैं।
हिंदी सिनेमा में हीर रांझा की कहानी पहली बार 1928 में दिखाई गई थी, जिसमें जुबैदा और जानी बाबू ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। हालांकि, सबसे लोकप्रिय फिल्म 1970 में आई हीर रांझा है, जिसमें राज कुमार और प्रिया राजवंश ने टाइटल रोल निभाये थे।

इस म्यूजिकल फिल्म का संगीत बेहद लोकप्रिय हुआ था और आज भी खूब सुना जाता है। चेतन आनंद निर्देशित फिल्म के संवाद शायरी के अंदाज में थे, जिन्हें कैफी आजमी ने लिखा था। 1992 में आई हीर रांझा में अनिल कपूर और श्रीदेवी ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं, जिसे हरमेश मल्होत्रा ने निर्देशित किया था।
2006 में आई पंजाबी फिल्म हीर रांझा- इश्क दा वारिस में गुरदास मान और जूही चावला ने मुख्य किरदार निभाये थे। 2009 में आई पंजाबी फिल्म हीर रांझा- अ ट्रू लव स्टोरी में नीरू बाजवा और हरभजन मान टाइटल रोल में नजर आये थे।

