मुंबई। Prithviraj Kapoor as Ram: गुरुवार को इस साल की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में शामिल रामायण द इंट्रोडक्शन का पहला टीजर रिलीज हुआ, जिसको लेकर सोशल मीडिया में खूब पोस्ट लिखी गईं। वीएफएक्स को लेकर फिल्म को खूब ट्रोल भी किया गया। कई लोगों ने इसे पसंद भी किया।
इस सबके बीच एक खबर आई कि रणबीर कपूर से 93 साल पहले उनके परदादा पृथ्वीराज कपूर भी राम बन चुके हैं। मौका और दस्तूर के हिसाब से लगभग हर डिजिटल पब्लिकेशन ने इस स्टोरी को अपने यहां छापा। मगर, इस छापाछापी में एक भारी भूल सभी ने की। रणबीर के साथ जिस अभिनेता की फोटो लगाई, वो पृथ्वीराज कपूर नहीं हैं।
पृथ्वीराज कपूर ने 1933 में आई फिल्म सीता में भगवान राम का किरदार निभाया था, जिसे देबकी बोस ने निर्देशित किया था। इसी स्टोरी को कई वेबसाइट्स ने छापा, मगर गलत फोटो के साथ। खबर देने की आपाधापी ने किसी ने इस तथ्य की जांच करने की जहमत नहीं उठाई। बड़ी-बड़ी वेबसाइट्स ने उसी फोटो का इस्तेमाल किया।

फिर किसकी है तस्वीर?
रणबीर कपूर और पृथ्वीराज कपूर की खबरों में लगी फोटो अभिनेता त्रिलोक कपूर की है, जो पृथ्वीराज के छोटे भाई थे। त्रिलोक की यह फोटो उनकी 1948 में आई फिल्म रामभक्त हनुमान की है, जिसमें उन्होंने प्रभु राम का किरदार निभाया था। त्रिलोक कपूर की इसी फोटो को पृथ्वीराज कपूर बनाकर चलाया गया है।

दिलचस्प तथ्य यह है कि जिस फिल्म सीता में पृथ्वीराज ने राम का किरदार निभाया था, उसमें त्रिलोक कपूर उनके बेटे लव के रोल में थे। दुर्गा खोटे ने फिल्म में सीता माता का रोल निभाया था।

30-40 के दौर के सफल सितारे थे त्रिलोक कपूर
बड़े भाई पृथ्वीराज की तरह त्रिलोक कपूर 30-40 के दौर के कामयाब अभिनेताओं में गिने जाते थे और उस जमाने की मिथोलॉजिकल फिल्मों के चर्चित हीरो हुआ करते थे। उस दौर के हाइएस्ट पेड एक्टर्स में भी वो शामिल थे। मशहूर अदाकारा नूरजहां के भारत विभाजन के बाद पाकिस्तान जाने से पहले आखिरी हिंदी फिल्म मिर्जा साहिबां में त्रिलोक कपूर उनके हीरो थे।
त्रिलोक कपूर ने उस जमाने की लगभग हर बड़ी अदाकारा के साथ काम किया, जिनमें नलिनी जयवंत, सुशीला रानी पटेल, मीना शौरी और सुलोचना शामिल हैं। सुपरहिट फिल्म प्यार की बातें में वो नर्गिस के साथ आये थे। त्रिलोक कपूर ने निरुपा रॉय के साथ 18 फिल्मों में काम किया, जिनमें ज्यादातर फिल्मों में उन्होंने भगवान शिव और निरुपा रॉय ने पार्वती का किरदार निभाया था।

