मुंबई। Ghooskhor Pandat Controversy: नेटफ्लिक्स की फिल्म घूसखोर पंडत के शीर्षक पर बवाल होने के बाद निर्देशक नीरज पांडेय ने स्पष्टीकरण जारी किया है। सोशल मीडिया के जरिए साझा किये गये बयान में नीरज ने कहा कि घूसखोर किसी जाति या समाज के खिलाफ नहीं है और ना ही उस पर कोई टिप्पणी करती है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल फिल्म की प्रमोशनल सामग्री हटा रहे हैं, क्योंकि लोगों ने झलक देखकर अपनी राय बना ली है।
क्यों इस्तेमाल किया पंडत शब्द?
शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर साझा किये गये स्टेटमेंट में नीरज ने कहा- हमारी फिल्म एक फिक्शनल कॉप ड्रामा है और पंडत शब्द का इस्तेमाल एक किरदार को लेकर अनौपचारिक बातचीत के लिए किया गया है। कहानी एक व्यक्ति के कर्मों और फैसलों को दिखाती है और किसी जाति, धर्म या समुदाय पर टिप्पणी नहीं करती, ना ही उसका प्रतिनिधित्व करती है।
एक फिल्मकार के नाते, मैं अपना काम गहन जिम्मेदारी के साथ करता हूं- ऐसी कहानियां, जो विचारोत्तेजक और सम्माजनक हों। मेरे पिछले कामों की तरह यह फिल्म, संजीदगी के साथ बनाई गई है और इसका मकसद सिर्फ दर्शकों का मनोरंजन करना है।
हम समझते हैं कि शीर्षक ने कुछ लोगों को आहत किया है और हम उनका सम्मान करते हैं। इन चिंताओं के आलोक में हम ने फैसला किया है कि सारी प्रमोशनल सामग्री हटा लेंगे, क्योंकि हमारा मानना है कि फिल्म को सम्पूर्णता के साथ देखना चाहिए और कहानी का संदर्भ समझना चाहिए, बजाय इसके कि हल्की सी झलक देखकर उसे जज करने लगें। हम जल्द ही दर्शकों के साथ फिल्म साझा करेंगे।
यह भी पढ़ें: Ghooskhor Pandat Title Controversy: नेटफ्लिक्स की फिल्म के टाइटल पर भड़का ब्राह्मण समाज, अदालत पहुंचा विवाद

भ्रष्ट पुलिसवाले की कहानी है घूसखोर पंडत
घूसखोर पंडत एक भ्रष्ट पुलिस अधिकारी की कहानी है, जो काहिल और जबरदस्त रिश्वतखोर है, मगर एक दहलाने वाली घटना के बाद उसका ह्रदय परिवर्तन होता है और वो पूरी तरह बदल जाता है। मनोज बाजपेयी फिल्म में टाइटल रोल में हैं। मनोज ने भी नीरज पांडेय से इत्तेफाक जताते हुए पोस्ट लिखी है
फिल्म की घोषणा पिछले दिनों नेटफ्लिक्स के नेक्स्ट ऑफ नेटफ्लिक्स कैम्पेन के दौरान की गई थी।
घोषणा के बाद से ही टाइटल सोशल मीडिया में आलोचनाओं का शिकार हो गया। लोग दावा करने लगे कि यह ब्राह्मण समाज को आहत करता है। कुछ लोग इसके खिलाफ अदालत भी चले गये। लखनऊ में फिल्म के खिलाफ हजरत गंज थाने में पुलिस रिपोर्ट भी दर्ज करवाई गई है।
बहरहाल, नीरज ने प्रतिक्रिया देकर मामला शांत करने की कोशिश की है, साथ ही यह भी इशारा कर दिया कि टाइटल नहीं बदला जाएगा।

