मुंबई। Most Searched Movies on Google in 2025: सिनेमा इंडस्ट्री के कारोबार के नजरिए से भले ही मिला-जुला रहा हो, मगर इस साल कई सरप्राइज दर्शकों को मिले। गूगल सर्च ने 2025 में सबसे ज्यादा सर्च की गई फिल्मों की लिस्ट जारी की है।
इस लिस्ट में टॉप पर सैयारा है, जो साल की तीसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म है। वहीं, कुछ नाम ऐसे हैं, जिन्हें सर्च लिस्ट में देखकर आप चौंक जाएंगे।
सैयारा (Saiyaara)
यशराज फिल्म्स के बैनर तले मोहित सूरी द्वारा निर्देशित इस म्यूजिकल रोमांटिक ड्रामा से अहान पांडे और अनीता पड्डा ने डेब्यू किया। यह एक संगीतकार और एक लेखिका की प्रेम कहानी है, जिसमें अल्जाइमर रोग के कारण एक दुखद मोड़ आता है।
- सर्च का कारण: अहान पांडेय का डेब्यू और फिल्म का संगीत। डेब्यू स्टार कास्ट के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर अप्रत्याशित कमाई के लिए जमकर चर्चा में रही।
यह भी पढ़ें: Saiyaara Box Office Day 25: ‘वॉर 2’ और ‘कुली’ की रिलीज से पहले 400 करोड़ के पार सैयारा, जानें- वर्ल्डवाइड कलेक्शन

कांतारा: ए लीजेंड चैप्टर-1 (Kantara: A Legend Chapter-1)
यह 2022 की हिट फिल्म का प्रीक्वल है, जो कर्नाटक के तटीय इलाकों के पंजुरली और गुलिगा देवताओं की लोककथाओं और कदंब राजवंश की उत्पत्ति को दर्शाती है।
- सर्च का कारण: कांतारा की बेतहाशा कामयाबी के बाद कन्नड़ फिल्म के सीक्वल का बेसब्री से इंतजरा था। यह 2025 की हाइएस्ट ग्रॉसिंग फिल्मों में शामिल है। फिल्म कहानी और किरदारों के लिए खूब चर्चा में रही।
कुली (Coolie)
लोकेश कनगराज द्वारा निर्देशित इस तमिल एक्शन थ्रिलर में रजनीकांत एक पूर्व कुली यूनियन नेता की भूमिका में हैं, जो सोने की तस्करी के सिंडिकेट में फंस जाता है।
- सर्च का कारण :इस फिल्म ने सिनेमा में रजनीकांत के 50 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाया और 14 अगस्त को रिलीज होकर 2025 की सबसे बड़ी ओपनिंग (₹65 करोड़) हासिल की।
वॉर 2 (War 2)
वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा, अयान मुखर्जी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की जोड़ी पहली बार साथ दिखी।
- सर्च का कारण: यह फिल्म बॉलीवुड और टॉलीवुड के दो बड़े सुपरस्टार्स के बीच एक ऐतिहासिक साझेदारी थी, जिसने साल भर सर्च वॉल्यूम में अपना दबदबा बनाए रखा।

सनम तेरी कसम (Sanam Teri Kasam)
हर्षवर्धन राणे और मावरा हुसैन अभिनीत 2016 की इस कल्ट क्लासिक को फरवरी 2025 में सिनेमाघरों में फिर से रिलीज किया गया।
- सर्च का कारण: यह भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली री-रिलीज फिल्म बनी। सोशल मीडिया पर रोते हुए दर्शकों के वीडियो वायरल हुए, जिसने सिनेमाई पुरानी यादों (Nostalgia) की लहर पैदा कर दी।
मार्को (Marco)
उन्नी मुकुंदन अभिनीत यह एक डार्क मलयालम नियो-नोयर एक्शन थ्रिलर है, जो अपनी जबरदस्त और बेबाक हिंसा के लिए जानी गई।
- सर्च का कारण: यह अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली मलयालम फिल्म बन गई, जिसने साबित किया कि डार्क क्षेत्रीय थ्रिलर अब राष्ट्रीय स्तर पर पसंद की जा रही हैं।
हाउसफुल 5 (Housefull 5)
इस कॉमेडी फ्रैंचाइजी की अगली कड़ी में अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन और रितेश देशमुख जैसे कलाकारों की बड़ी फौज नजर आई।
- सर्च का कारण: इसकी लोकप्रियता ने पुष्टि की कि भारत में आज भी बड़े बजट की ‘फैमिली कॉमेडी’ फिल्मों की भारी मांग है।
गेम चेंजर (Game Changer)
शंकर द्वारा निर्देशित और राम चरण अभिनीत यह एक राजनीतिक एक्शन ड्रामा है, जो भ्रष्टाचार के खिलाफ एक व्यक्ति की लड़ाई को दिखाता है।
- सर्च का कारण: यह टॉप 10 सर्च लिस्ट में शामिल होने वाली एकमात्र तेलुगु फिल्म थी, जिसका मुख्य कारण ‘RRR’ के बाद राम चरण की वैश्विक लोकप्रियता रही। हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ढेर हो गई।
मिसेज (Mrs.)
सान्या मल्होत्रा अभिनीत यह फिल्म एक महिला की शादी के बाद अपनी पहचान खोजने की यात्रा को दर्शाती है। यह फिल्म जी5 पर रिलीज हुई थी।
- सर्च का कारण: ट्रेंड्स में शामिल होने वाली यह एकमात्र कम बजट वाली फिल्म थी, जिसने दिखाया कि मजबूत कंटेंट वाली फिल्में भी बड़े ब्लॉकबस्टर्स के बीच अपनी जगह बना सकती हैं। फिल्म ने महिलाओं के साथ परिवारों में ट्रीटमेंट को दिखाया, जिसने पुरुष और महिलाओं के बीच एक बहस को जन्म दिया।
महावतार नरसिम्हा (Mahavatar Narsimha)
भगवान विष्णु के चौथे अवतार पर आधारित यह एक एनिमेटेड पौराणिक फिल्म है, जिसे पांच भाषाओं में रिलीज किया गया।
- सर्च का कारण: इसने इतिहास रचते हुए भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली एनिमेटेड फिल्म का खिताब जीता और IMDb की टॉप सूची में जगह बनाने वाली पहली भारतीय एनिमेटेड फिल्म बनी। इसकी सफलता अप्रत्याशित रही।

